दिवाली रोशनी का त्योहार है, पटाखे-आतिशबाजी और ढेर सारी मिठाइयां इस त्योहार को काफी खास बनाती हैं। उत्सव और आनंद के साथ इन दिनों में आपको अपनी सेहत को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। गड़बड़ खान-पान के साथ पटाखों से होने वाले प्रदूषण-शोर के कारण कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के ट्रिगर होने का खतरा रहता है। ये त्योहार उन लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने वाला माना जाता है जिन्हें हार्ट की समस्या है।
Diwali 2023: दिवाली में हार्ट के मरीज बरतें विशेष सावधानी वरना बिगड़ सकती है तबीयत, जानिए क्या करें-क्या नहीं
क्या है स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह?
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एन.एम.श्रीवास्तव कहते हैं, हृदय रोगों की रोकथाम संभव है। जीवनशैली और आहार में संशोधन के अलावा, हमें हृदय की सेहत को ठीक रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की आवश्यकता होती है। त्योहारी सीज़न के दौरान व्यायाम के नियम और स्वस्थ आहार को बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, बहुत अधिक तला हुआ और/या मीठा खाना खाने से हमें बचना चाहिए।
पटाखों से दूरी बनाएं, इसको जलाने से निकलने वाले रसायन सांस की समस्याओं को ट्रिगर कर सकते हैं और धमाकों की आवाज हार्ट पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है। खान-पान को लेकर सावधानी जरूरी है।
हार्ट अटैक से करें बचाव
हृदय और न्यूरोलॉजिकल रोगियों में पटाखों की तेज आवाज को सहन करने की क्षमता कम होती है। इसके अलावा उच्च रक्तचाप वाले लोगों में दिल का दौरा पड़ने का खतरा अधिक होता है। ऐसे रोगियों के लिए अचानक तेज धमाके की आवाज, शॉक लगने और रक्तचाप बढ़ने का कारण हो सकती है।
अचानक बढ़े रक्तचाप या उच्च हृदय गति के कारण जोखिम बढ़ सकता हैं। इसलिए जरूरी है कि आप आतिशबाजी से दूर रहें। आइए जानते हैं कि हार्ट के मरीजों को दिवाली उत्सव के दौरान क्या करना चाहिए और क्या नहीं?
दिवाली उत्सव के दौरान हार्ट के रोगी क्या करें?
त्योहारी सीजन के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना आपके लिए बहुत जरूरी है।
- व्यायाम को दिनचर्या में जरूर शामिल करें। भोजन के बाद थोड़ी देर टहलें।
- दिवाली के दौरान तनाव को कंट्रोल रखना जरूरी है। दिमाग को शांत रखने और हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए ध्यान, गहरी सांस लेने वाले अभ्यास करें।
- अपनी दवाएं ठीक से और समय पर लें।
- बच्चे और हृदय रोगी तेज शोर के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं, इन्हें पटाखों से दूर रहना चाहिए।
- दिवाली में ज्यादा मिठाइयां खाने के बजाय लो फैट, कम चीनी और लो सोडियम वाली चीजों का सेवन करें।
त्योहार के सीजन में क्या न करें?
हार्ट के रोगियों को कुछ चीजों को लेकर सावधान रहने की सलाह दी जाती है।
- ज्यादा नमक वाली चीजों का सेवन न करें इससे ब्लड प्रेशर और हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है।
- नमकीन स्नैक्स का अधिक सेवन करने से बचें और लो सोडियम वाले विकल्प चुनें।
- चीनी युक्त खाद्य पदार्थों में भी कटौती करें, अधिक मिठाई के कारण वजन बढ़ाने और अन्य हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम रहता है।
- ज्यादा तले हुए, स्नैक्स हृदय स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। ये हाई कोलेस्ट्रॉल वाली चीजें हृदय संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती हैं।
- नींद की कमी के कारण भी हृदय की समस्याओं का खतरा रहता है, त्योहारों के दौरान नींद से कोई समझौता न करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।