डायबिटीज एक गंभीर और तेजी से बढ़ती बीमारी है, जिसका शिकार सभी उम्र के लोगों को देखा जा रहा है। भारत में इस रोग का खतरा और तेजी से बढ़ता जा रहा है। हाई ब्लड शुगर की ये बीमारी समय के साथ शरीर के कई अंगों को क्षति पहुंचाने लगती है। यही कारण है कि डायबिटीज के मरीजों में आंखों, किडनी, हृदय और तंत्रिकाओं की दिक्कत अधिक देखी जाती रही है।
Diabetes: महिला और पुरुषों में डायबिटीज के लक्षण एक जैसे ही होते हैं या फिर अलग? आपके लिए भी जानना जरूरी
डायबिटीज के ज्यादातर लक्षण महिला और पुरुषों दोनों में एक जैसे होते हैं, फिर भी कुछ लक्षण लिंग-विशेष हो सकते हैं और इनके असर भी अलग हो सकते हैं। क्या आप जानते हैं?
डायबिटीज (मधुमेह) और इसका खतरा
डायबिटीज (मधुमेह) को एक क्रॉनिक यानी लंबे समय तक बनी रहने वाली मेटाबोलिक बीमारी के रूप में जाना जाता है, जिसमें शरीर की ग्लूकोज को प्रोसेस करने की क्षमता प्रभावित होती है। यह मुख्यतः दो प्रकार की होती है– टाइप 1 और टाइप 2 डायबिटीज। दुनियाभर में लाखों लोग इससे प्रभावित हैं।
डॉक्टर कहते हैं, जिस तरह से ये बीमारी बढ़ती जा रही है ऐसे में सभी लोगों को इसके लक्षणों पर ध्यान देते रहना और इसका समय पर इलाज कराना जरूरी है। वैसे तो डायबिटीज के ज्यादातर लक्षण महिला और पुरुषों दोनों में एक जैसे होते हैं, फिर भी कुछ लक्षण लिंग-विशेष हो सकते हैं और इनके असर भी अलग हो सकते हैं।
पहले इसके सामान्य लक्षणों को जान लीजिए
डायबिटीज रोग के कुछ क्लासिक संकेत हैं जो दोनों लिंगों में आम तौर पर एक जैसे ही देखे जाते हैं।
डायबिटीज के कारण बार-बार पेशाब आने, अत्यधिक प्यास लगने, अत्यधिक या बहुत कम भूख लगने, बिना कारण के वजन घटने, अक्सर थकान और कमजोरी बने रहने और कम दिखाई देने की समस्या बहुत आम है। इसके अलावा डायबिटीज के कारण घाव के धीरे-धीरे भरने और हाथ-पैरों में झुनझुनी या सुन्नपन की दिक्कत भी अधिक देखी जाती रही है।
अब उन लक्षणों को जानिए जो महिला और पुरुषों में अलग-अलग होते हैं।
महिलाओं में डायबिटीज के लक्षण
महिलाओं में डायबिटीज कुछ ऐसे लक्षण देखे जाते हैं जो पुरुषों में नहीं होते।
डायबिटीज के कारण महिलाओं में योनि संक्रमण और फंगल संक्रमणों का खतरा अधिक रहता है। हाई शुगर के कारण यीस्ट संक्रमण का जोखिम बढ़ जाता है जिसके कारण आपको बार-बार योनि में खुजली, जलन और डिस्चार्ज हो सकता है। डायबिटीज की शिकार महिलाओं में यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यूटीआई) का जोखिम भी ज्यादा रहता है और ये स्थिति पीरियड्स में अनियमितता का भी कारण बन सकती है।
पुरुषों में डायबिटीज के लक्षण
डायबिटीज के कारण पुरुषों में कुछ गंभीर समस्याएं हो सकती हैं, जिसपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
डायबिटीज के कारण पुरुषों को भी यौन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। ब्लड शुगर बढ़ने के कारण नर्व डैमेज और ब्लड सर्कुलेशन में गड़बड़ी का भी खतरा रहता है जिससे इरेक्टाइल डिस्फंक्शन हो सकता है। इसके अलावा टाइप-2 डायबिटीज से पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का स्तर कम हो सकता है, जिससे ऊर्जा की कमी, अवसाद और मांसपेशियों की ताकत में कमी देखी जाती है।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।