कोरोना महामारी पिछले चार साल से अधिक समय से वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम बनी हुई है। इस साल की शुरुआत में कोरोना के मामले स्थिर थे, हालांकि नए वैरिएंट्स के कारण एक बार फिर से संक्रमण के मामलों में उछाल देखा जा रहा है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका, सिंगापुर, भारत सहित कई देश इन दिनों कोरोना के नए वैरिएंट FLiRT (KP.1 और KP.2) की चपेट में हैं। सिंगापुर फिलहाल नए कोरोना वैरिएंट से सबसे ज्यादा प्रभावित देश हैं, जहां 15 दिनों के भीतर ही संक्रमण के मामलों में 90 फीसदी से अधिक का उछाल रिपोर्ट किया गया है।
Covid-19: WHO ने कहा कोरोना ने वर्षों की मेहनत पर फेर दिया पानी, जानिए महामारी की शुरुआत से अब तक के आंकड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीवन प्रत्याशा में आई कमी
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी हालिया रिपोर्ट में महामारी के कारण लाइफ एक्सपेक्टेंसी में आई कमी को लेकर चिंता जाहिर की है। रिपोर्ट में डब्ल्यूएचओ ने कहा कोविड-19 के कारण वैश्विक जीवन प्रत्याशा में लगभग दो साल की कमी आ गई है। जीवन प्रत्याशा या लाइफ एक्सपेक्टेंसी उन अतिरिक्त वर्षों की औसत संख्या का अनुमान है जो एक निश्चित आयु का व्यक्ति जीने की उम्मीद कर सकता है।
कोविड-19 के कारण वैश्विक जीवन प्रत्याशा अब 1.8 वर्ष गिरकर 71.4 वर्ष रह गई है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेबियस ने कहा कि ये आंकड़े वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने और स्वास्थ्य के क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश को बढ़ावा देने के महत्व पर प्रकाश डालते हैं।
शुरुआती दो वर्षों में बिगड़ गए हालात
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ने कहा, महामारी के शुरुआती सिर्फ दो वर्षों में ही कोरोनावायरस ने जीवन प्रत्याशा में एक दशक की बढ़त को प्रभावित कर दिया है। पहले की तुलना में अब नॉन कम्युनिकेबल डिजीज (एनसीडी) जैसे कि इस्केमिक हृदय रोग और स्ट्रोक, कैंसर, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज, अल्जाइमर रोग-डिमेंशिया और मधुमेह वाले रोगियों की संख्या भी बढ़ गई है जो समय से पहले मृत्यु के जोखिमों को बढ़ाने वाली मानी जा रही है। महामारी के दौरान लाइफस्टाइल और आहार में हुई गड़बड़ी ने कई प्रकार की स्वास्थ्य स्थितियों का भी जोखिम बढ़ा दिया है जिन्हें क्रोनिक बीमारियों का प्रमुख कारक माना जा रहा है।
कोरोना के अब तक के आंकड़े
दिसंबर 2019 में शुरू हुई कोरोना महामारी को चार साल से अधिक का समय बीत चुका है। 13 अप्रैल 2024 तक वर्ल्डोमीटर द्वारा साझा की गई जानकारियों के मुताबिक आधिकारिक तौर पर अब तक 70.47 करोड़ लोग इस वायरस की चपेट में आए हैं, जबकि 70.10 लाख लोगों की इससे मौत हुई है। 67.56 करोड़ लोग संक्रमित होकर ठीक भी हो चुके हैं। संयु्क्त राज्य अमेरिका कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देश रहा है, जहां 11.18 करोड़ मामले रिपोर्ट किए गए। अमेरिका में कोरोना मरने वालों की संख्या 1219,487 रिपोर्ट की गई है।
भारत में कोरोना के आंकड़े
वर्ल्डोमीटर के आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना से दूसरा सबसे प्रभावित देश भारत है। यहां अब तक 45,035,393 लोगों में संक्रमण की पहचान की गई जबकि मृतकों की संख्या 5.33 लाख से अधिक की थी। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित शीर्ष पांच देशों में अमेरिका, भारत के अलावा फ्रांस, जर्मनी और ब्राजील शामिल हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के विशेषज्ञों ने सभी लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर लगातार प्रयास करते रहने की सलाह दी है।
--------------
स्रोत और संदर्भ
COVID-19 eliminated a decade of progress in global level of life expectancy
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।