दिल की बीमारियां वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के विशेषज्ञ कहते हैं, हृदय रोग विश्व स्तर पर मौत का प्रमुख कारण है, जो हर तीन मौतों में से लगभग एक मौत के लिए जिम्मेदार है। कुछ दशकों पहले तक माना जाता था कि हार्ट की समस्याएं सिर्फ बुजुर्गों को होती है पर अब कम उम्र के लोग भी इसका शिकार होते जा रहे हैं।
सेहत की बात: हार्ट अटैक से बचना है तो रोज करें ये एक काम, 50% तक कम हो सकता है दिल की बीमारी का खतरा
रोजाना पैदल चलने की आदत हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हो सकती है। सप्ताह में पांच दिन 30 मिनट वॉक करने से ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। नियमित वॉक वजन घटाने, तनाव कम करने और हार्ट डिजीज के जोखिम को कम करने में सहायक है।
रोजाना वॉक करने से मजबूत होता है दिल
जर्नल ऑफ द अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन (जामा) में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, नियमित रूप से पैदल चलना हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज जैसे जोखिम कारकों को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। ये सभी स्थितियां हृदय रोगों का खतरा बढ़ाती हैं।
- विशेषज्ञों के मुताबिक, रोजाना 7,000 से 10,000 कदम चलना दिल की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
- वहीं, सप्ताह में पांच दिन 30 मिनट की तेज चाल से वॉक करना भी कार्डियोवैस्कुलर हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में सहायक हो सकता है।
ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल रहता है कंट्रोल
नियमित वॉक करने से रक्त संचार बेहतर होता है और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। इससे स्ट्रोक और हार्ट फेलियर जैसी समस्याओं का जोखिम भी कम हो सकता है। इसके अलावा पैदल चलने से गुड कोलेस्ट्रॉल के स्तर में सुधार देखा गया और ये बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने में भी मददगार है।
- अध्ययनों से पता चलता है कि इससे धमनियों में प्लाक जमने और ब्लॉकेज का खतरा भी कम हो सकता है।
हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भोजन के बाद 15 से 20 मिनट तक टहलना ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मददगार हो सकता है। खासकर डायबिटीज के जोखिम वाले लोगों के लिए यह आदत उपयोगी है। ब्लड शुगर का बेहतर नियंत्रण हृदय को स्वस्थ रखने में भी मदद करता है।
वॉक करने से और क्या होता है?
नियमित रूप से वॉक करना सेहत के लिए कई प्रकार से फायदेमंद हो सकता है।
- नियमित चलने से हृदय की फिटनेस और ऑक्सीजन पंप करने की क्षमता बेहतर होती है।
- वॉक करने से एंडॉर्फिन रिलीज होते हैं, जो मूड बेहतर बनाने और तनाव घटाने में मदद करते हैं।
- पैदल चलने से कैलोरी बर्न होती है और मोटापे का जोखिम कम करने में सहायता मिलती है।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।