डेयरी उत्पादों को सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सभी उम्र के लोगों को अपने आहार में डेयरी उत्पादों को जरूर शामिल करना चाहिए। दूध-दही, पनीर जैसे उत्पाद कैल्शियम, प्रोटीन के साथ शरीर के लिए आवश्यक कई प्रकार के तत्वों से भरपूर माने जाते हैं। पर इन्हीं डेयरी उत्पादों में जब बात बटर की होती है तो हमेशा से यह सवाल रहा है कि ये सेहत के लिए फायदेमंद हैं या नुकसानदायक?
Health Tips: बटर हमारी सेहत के लिए फायदेमंद है या नुकसानदायक? जानिए क्या कहते हैं आहार विशेषज्ञ
हाई कैलोरी के कारण बढ़ सकता है आपका वजन
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यदि आप रोजाना या अधिक मात्रा में मक्खन खाते हैं तो इसके कारण वजन बढ़ने का खतरा हो सकता है, इसका मुख्य कारण इसमें मौजूद अधिक कैलोरी होती है।
अध्ययनकर्ता बताते हैं कि यदि आपके दैनिक कैलोरी का इंटेक अधिक है, पर इसकी तुलना में कैलोरी बर्न कम है तो इसके कारण तेजी से वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है। ऐसे में यदि आप वजन कम करने के प्रयास में हैं तो बटर की मात्रा आहार में कम करें।
सेचुरेटेड फैट बढ़ा सकती है कई बीमारियां
हाई कैलोरी के साथ-साथ बटर में सेचुरेटेड फैट की भी मात्रा अधिक होती है, स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इसका अधिक मात्रा में सेवन शरीर के लिए बहुत हानिकारक हो सकता है। दो बड़े चम्मच बटर में करीब 14 ग्राम सेचुरेटेड फैट होती है, रोजाना इतनी मात्रा शरीर के लिए ये कई प्रकार से नुकसानदायक मानी जाती है।
अधिक मक्खन खाने से आपकी आंत की चर्बी बढ़ जाती है, जो पाचन संबंधित समस्याओं को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
कोलेस्ट्रॉल की भी हो सकती है दिक्कत
सेचुरेटेड फैट की अधिकता वाली चीजें शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को भी बढ़ाने वाली हो सकती हैं और कोलेस्ट्रॉल को हृदय रोगों का प्रमुख जोखिम कारक माना जाता है। बहुत अधिक मात्रा में सेचुरेटेड फैट वाली चीजें आपके रक्त में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ा सकती है। आपके रक्त में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का उच्च स्तर हृदय रोग और स्ट्रोक के खतरे को बढ़ाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बटर वाली चीजों के अधिक सेवन से बचा जाना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।