कुछ महीने पहले तक गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को कोरोना वैक्सीन नहीं लेने की सलाह दी जाती थी, लेकिन अब उन्हें भी टीका लेने की इजाजत दे दी गई है। इसके पीछे तर्क दिया गया है कि गर्भवती महिलाओं और उनके गर्भ में पल रहे बच्चे को वैक्सीन से कोई नुकसान नहीं होगा और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को लेकर भी ऐसा ही तर्क है। हाल ही में हुए एक अध्ययन में यह दावा किया गया है कि ऐसी महिलाएं जो स्तनपान कराती हैं और वो वैक्सीन ले चुकी हैं, तो उनका दूध भी कोरोना के खिलाफ एंटीबॉडी बनाता है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि टीका ले चुकी मां के नवजात बच्चे को यह एंटीबॉडी कोरोना सहित कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती है। यानी वैक्सीन मां और बच्चे, दोनों की सुरक्षा कर सकता है। इस अध्ययन को 'ब्रेस्टफीडिंग मेडिसिन' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।
अध्ययन: छोटे बच्चों को कोरोना से बचा सकता है ये एक उपाय, स्तनपान कराने वाली महिलाएं जरूर अपनाएं
यह अध्ययन दिसंबर 2020 से मार्च 2021 के बीच किया गया है। इस रिसर्च में शोधकर्ताओं ने स्तनपान कराने वाली वैसी 21 हेल्थवर्कर्स को शामिल किया था, जो कभी भी कोरोना से संक्रमित नहीं हुई थीं। अध्ययन के मुताबिक, उन्हें टीका दिए जाने से पहले जांच के लिए उनके ब्रेस्ट मिल्क और खून के नमूने तीन बार लिए गए थे।
अध्ययन में कहा गया है कि महिलाओं को कोरोना वैक्सीन की पहली और दूसरी खुराक देने के बाद पाया गया कि उनके खून और यहां तक कि ब्रेस्ट मिल्क में भी एंटीबॉडीज विकसित हुए हैं और ये एंटीबॉडीज वैक्सीन से पहले लिए गए नमूनों से कई गुना ज्यादा थे।
अध्ययन में कहा गया है कि वैक्सीन लेने वाली वैसी मांओं के ब्रेस्ट मिल्क में भी एंटीबॉडी का स्तर ज्यादा था, जो पहले कोरोना वायरस से संक्रमित होकर ठीक हो चुकी थीं। शोधकर्ताओं का कहना है कि स्तनपान कराने वाली माताओं के बच्चों में अगर यह एंटीबॉडी जाती है, तो उनके अंदर भी कोरोना से लड़ने की क्षमता का विकास होता है। इसलिए यह जरूरी है कि मांएं अपने बच्चों को दूध जरूर पिलाएं।
स्रोत और संदर्भ:
Breast milk of mothers who received COVID-19 vaccine contains antibodies that fight illness
http://blogs.ifas.ufl.edu/news/2021/08/24/breast-milk-covid-19-antibodies/
अस्वीकरण नोट: यह लेख फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर प्रकाशित अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। किसी भी तरह की बीमारी के लक्षण हों अथवा आप किसी रोग से ग्रसित हों तो अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।