भारतीय खान-पान और आहार व्यवस्था को सदियों से सेहत के लिए बहुत लाभकारी माना जाता रहा है। इसमें आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों का समाधान छिपा हुआ है। सदियों से भारत में खानपान को सिर्फ पेट भरने का साधन नहीं, बल्कि शरीर और मन को संतुलित रखने का तरीका माना गया है।
Health Tips: शुगर और इंफेक्शन दोनों कम करता है करेला, पर खाने से पहले इन सावधानियों का भी रखें ध्यान
Karela Khane Ke Fayde: करेला का सेवन डायबिटीज कंट्रोल के लिए वर्षों से किया जाता रहा है। इम्युनिटी बढ़ाने और संक्रमण से बचाव में भी ये सब्जी बहुत फायदेमंद है। पर करेला खाने से पहले कुछ बातें जरूर जान लेनी चाहिए।
बड़ा फायदेमंद है करेला
करेला स्वाद में भले ही कड़वा हो, लेकिन सेहत के लिहाज बेहद फायदेमंद है। इसमें मौजूद बायोएक्टिव कंपाउंड्स, विटामिन्स और मिनरल्स कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद करते हैं।
करेला का सेवन डायबिटीज कंट्रोल के लिए वर्षों से किया जाता रहा है। इसमें मौजूद चरेंटिन, वाइसिन और पॉलीपेप्टाइड-पी जैसे तत्व शरीर में इंसुलिन जैसा प्रभाव दिखाते हैं। कई अध्ययनों में पाया गया है कि करेला ब्लड शुगर लेवल को कम करने में मदद करता है और टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों के लिए सहायक हो सकता है।
नियमित रूप से करेला का सेवन फास्टिंग और पोस्ट-प्रांडियल शुगर दोनों को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है।
करेला के और भी कई फायदे
सिर्फ ब्लड शुगर कंट्रोल करने में ही नहीं, करेला के नियमित सेवन के और भी कई सारे लाभ हैं।
- करेला इम्युनिटी बढ़ाने और संक्रमण से बचाव में भी अहम भूमिका निभाता है। इसमें विटामिन-सी, विटामिन-ए और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं।
- करेला में मौजूद एंटीमाइक्रोबियल और एंटीवायरल गुण त्वचा के संक्रमण, फंगल इन्फेक्शन और मौसमी बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक माने जाते हैं।
- करेला पाचन तंत्र को मजबूत करने में भी बेहद फायदेमंद है। इसमें डाइटरी फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं में लाभकारी है।
- वजन घटाने और हार्ट हेल्थ के लिए भी करेला उपयोगी है। इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और फाइबर ज्यादा, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और आप ओवरईटिंग से बचते हैं।
- बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने और गुड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में भी इसे फायदेमंद पाया गया है। ये धमनियों में सूजन कम करता है जिससे दिल की बीमारियों का खतरा घटता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. नवीन चंद्र जोशी कहते हैं, करेला वैसे तो कई बीमारियों को ठीक करने में प्रभावी है, पर कुछ सब्जियों और खाद्य पदार्थों के साथ इसे खाने से दिक्कत हो सकती है। इसलिए करेले का सेवन करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
हेल्दी डाइट और लाइफस्टाइल में सुधार के साथ अगर करेला का सेवन किया जाए तो ये वजन घटाने और हृदय दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
बरतें ये सावधानियां
करेला का नियमित सेवन लाभकारी है, पर आयुर्वेद में करेले के साथ कुछ पदार्थों का सेवन वर्जित बताया गया है।
- करेले खाने के बाद दूध नहीं पीना चाहिए। इससे पाचन संबंधी समस्याएं, गैस, ब्लोटिंग और एसिडिटी हो सकती हैं।
- करेला और पालक का भी एक साथ सेवन नहीं करना चाहिए। इससे शरीर में ऑक्सलेट की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे गुर्दे में पथरी बनने का खतरा बढ़ जाता है।
- कड़वाहट कम करने के लिए कुछ लोग करेला के साथ दही का सेवन कर लेते हैं। इससे त्वचा पर रेशेज और खुजली हो सकती है।
- करेला और आम का सेवन भी एक साथ नहीं करना चाहिए। इससे उल्टी-मतली, जलन और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
---------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।