शरीर के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इम्युनिटी का मजबूत होना कितना आवश्यक है, कोरोना काल ने यह हम सभी को अच्छी तरह से समझा दिया है। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए हम सभी ने कई तरह के उपाय भी किए, आहार में बदलाव से लेकर नियमित व्यायाम जैसी आदतें लोगों ने अपनाई। पर क्या इम्युनिटी को मजबूती देना वास्तव में बहुत कठिन है? विशेषज्ञ कहते हैं, बिल्कुल नहीं। प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करना एक सतत प्रक्रिया है, यानी कि इसके लिए आपको रोजाना प्रयास करते रहने चाहिए।
Health Tips: इम्युनिटी बढ़ाने से लेकर डायबिटीज-कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने तक, जानिए इस जूस के अद्भुत स्वास्थ्य लाभ
इम्युनिटी बढ़ाने का सबसे प्रभावी उपाय
शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए आंवला के रस का सेवन करना आपके लिए विशेष लाभप्रद हो सकता है। आंवला का रस विटामिन-सी का अच्छा स्रोत माना जाता है जो पानी में घुलनशील विटामिन है एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करता है। आंवले के रस का सेवन शरीर की प्रतिरक्षा कोशिकाओं के कामकाज को ठीक रखने में मदद करता है। अध्ययनों की एक समीक्षा के अनुसार, विटामिन-सी कुछ प्रकार के संक्रमणों को रोकने में भी मदद कर सकता है।
पाचन को ठीक रखने में सहायक
आंवले को पाचन के लिए काफी कारगर माना जाता है। गैस्ट्रोओसोफेगल रिफ्लक्स की समस्या को ठीक करने में आंवले के रस के सेवन के लाभ के बारे में पता चलता है। गैस्ट्रोओसोफेगल रिफ्लक्स (जीईआरडी) वाले 68 लोगों पर किए गए एक अध्ययन से पता चला है कि आंवला के अर्क का 4 सप्ताह तक रोजाना दो बार सेवन हार्टबर्न और पाचन की अन्य कई तरह की समस्याओं को कम करने में आपके लिए सहायक हो सकता है।
डायबिटीज में देख गए इसके लाभ
कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि डायबिटीज की समस्या में आंवले के रस का नियमित सेवन करना न सिर्फ ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में आपके लिए सहायक है, साथ ही यह मधुमेह के विकास को भी रोक सकता है। आंवले में डायट्री फाइबर की भी मात्रा पाई जाती है जो इसे बेहतर पाचन के लिए उपयुक्त बनाती है। फाइबर वाली चीजों के सेवन को डायबिटीज में भी काफी असरदार पाया गया है।
कोलेस्ट्रॉल को भी करता है कंट्रोल
अध्ययनों से पता चलता है कि आंवला का रस, हृदय के स्वास्थ्य में सुधार कर सकता है। एक अध्ययन में पाया गया कि आंवला के जूस का सेवन करने वाले लोगों में 12 सप्ताह के भीतर बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर में कमी देखी गई। यह धमनियों में कोलेस्ट्रॉल को जमा होने से बचाने में भी सहायक है। कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहने से हृदय रोगों का जोखिम कम हो जाता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।