जीवनशैली में गड़बड़ी और भोजन में पौष्टिकता की कमी के चलते मौजूदा समय में लोग तेजी से गंभीर बीमारियों के शिकार होते जा रहे हैं। यही कारण है कि जिन बीमारियों को एक दशक पहले तक उम्र बढ़ने के साथ जोड़कर देखा जाता था, अब कम आयु के लोग भी उनके शिकार होते जा रहे हैं। ब्लड प्रेशर, एनीमिया, हृदय रोग, डायबिटीज ऐसे ही उदाहरण हैं, जिनका युवा आयुवर्ग के लोग तेजी से शिकार हो रहे हैं। क्या आप भी ऐसी ही किसी बीमारी से परेशान हैं?
आज का हेल्थ टिप्स: खून की कमी हो या हृदय रोगों की हो समस्या, चुकंदर खाने से महीनेभर में दिखने लगेगा लाभ
ब्लड प्रेशर को रखता है नियंत्रित
चुकंदर का सेवन आपके रक्तचाप को कम करने में मदद कर सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग रोजाना 250 मिलीलीटर चुकंदर का रस पीते हैं, उनका सिस्टोलिक और डायस्टोलिक दोनों रक्तचाप नियंत्रित रहता है। चुकंदर के रस में नाइट्रेट नामक यौगिक पाया जाता है जो रक्त में नाइट्रिक ऑक्साइड में परिवर्तित हो जाता हैं, यह रक्त वाहिकाओं को चौड़ा करने और रक्त प्रवाह को आसान बनाने में मदद करता है, जिससे ब्लड प्रेशर का खतरा कम हो जाता है। ब्लड प्रेशर कम होने से हृदय रोगों का खतरा भी कम हो जाता है।
पोटेशियम का अच्छा स्रोत है चुकंदर
चुकंदर में पोटेशियम का मात्रा अच्छी पाई जाती है। पोटेशियम, नसों और मांसपेशियों को ठीक से काम करने में मदद करता है। सीमित मात्रा में चुकंदर का रस पीने से पोटेशियम के स्तर को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक यदि शरीर में पोटेशियम का स्तर बहुत कम हो जाता है, तो थकान, कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन हो सकती है। वहीं पोटेशियम की बहुत कम मात्रा कई बार जानलेवा भी साबित हो सकती है।
कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में सहायक है चुकंदर
हाई-कोलेस्ट्रॉल की समस्या से परेशान लोगों को लिए आहार में चुकंदर के रस को शामिल करना काफी फायदेमंद हो सकता है। साल 2011 में चूहों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि चुकंदर का अर्क कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स को कम करने के साथ गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में सहायक है। इसके अलावा यह लिवर पर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को भी कम करता है।शोधकर्ताओं का मानना है कि चुकंदर में फाइटोन्यूट्रिएंट्स जैसे फ्लेवोनोइड्स की मात्रा पाई जाती है जो इसे कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए कारगर बनाती है।
खून की कमी को दूर करने में कारगर है चुकंदर
चुकंदर में आयरन, मिनरल्स और कई तरह के विटामिन्स पाए जाते हैं। एनीमिया से पीड़ित लोगों के लिए इसका सेवन चमत्कारी लाभ दे सकता है। चुकंदर के रस को आयरन और विटामिन-सी का उत्कृष्ट स्रोत माना जाता है जो एनीमिया रोगियों के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा चुकंदर में विटामिन बी-6 और फोलेट की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो शरीर में खून को बढ़ाने में काफी सहायक मानी जाती है।
------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।