केला दुनियाभर में सबसे लोकप्रिय फलों में से एक है। लगभग हर मौसम में आसानी से उपलब्ध इस फल का सेवन सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। केले में कई ऐसे आवश्यक पोषक तत्व होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक होते हैं। ब्लड-प्रेशर की समस्या से लेकर कैंसर जैसे गंभीर रोगों के खतरे को कम करने में इस फल का कोई मुकाबला नहीं है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी लोगों को रोजाना केले का सेवन करना चाहिए, इससे दैनिक जीवन के लिए आवश्यक कई तरह के पोषक तत्वों की पूर्ति आसानी से की जा सकती है। आहार और पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक केले में उचित मात्रा में फाइबर के साथ कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट होते हैं।
स्वाद भी-सेहत भी: डायबिटीज से परेशान हों या हो पाचन की समस्या, कई रोगों में कारगर है इस फल का सेवन
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन (एएचए), ब्लड-प्रेशर से बचे रहने के लिए लोगों को भोजन में नमक का मात्रा को कम करने और पोटेशियम युक्त खाद्य पदार्थों की मात्रा को बढ़ाने की सलाह देता है। पोटेशियम रक्तचाप को नियंत्रित करने और हृदय को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे में ब्लड-प्रेशर की समस्या से ग्रसित लोगों के लिए रोजाना केले का सेवन फायदेमंद हो सकता है। एक मध्यम आकार के केले से दैनिक पोटेशियम की जरूरतों का लगभग 9 फीसदी आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
अस्थमा से परेशान लोगों के लिए केला है फायदेमंद
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों को अस्थमा की समस्या है उन्हें केले का सेवन जरूर करना चाहिए। इसी से संबंधित साल 2007 में हुए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने सुझाव दिया कि केला खाने से अस्थमा से पीड़ित बच्चों में घरघराहट की समस्या को रोकने में मदद मिल सकती है। इसका एक कारण केले में एंटीऑक्सीडेंट और पोटैशियम की मात्रा हो सकती है। हालांकि इन निष्कर्षों की पुष्टि के लिए और अधिक शोध की आवश्यकता है। अस्थमा, रोगी डॉक्टर की सलाह पर केले का सेवन कर सकते हैं।
डायबिटीज रोगियों के लिए लाभदायक है केला खाना
अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन सभी लोगों को केले के सेवन की सलाह देता है क्योंकि इनमें फाइबर का मात्रा अधिक होती है। विशेषज्ञों के मुताबिक फाइबर, रक्त शर्करा के स्तर को भी कम करने में सहायक हो सकता है। इस से संबंधित साल 2018 में अध्ययन की समीक्षा के आधार पर विशेषज्ञों ने निष्कर्ष निकाला कि हाई फाइबर डाइट लेने वाले लोगों में टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम हो सकता है वहीं जिन लोगों को पहले से ही डायबिटीज की समस्या है उनमें यह रक्त शर्करा को कम करने में सहायक हो सकता है।
पाचन को सुधारने में बेहद फायदेमंद है केले का सेवन
केले में पानी और फाइबर दोनों की मात्रा अधिक होती है, यही कारण है कि इसे पाचन स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। एक मध्यम आकार का केला दिन के फाइबर की जरूरत का लगभग 10 फीसदी पूर्ति कर सकता है। जिन लोगों को दस्त की समस्या होती है, सामान्यतौर पर उनमें पानी और पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है। केला आसानी से इन पोषक तत्वों की पूर्ति कर सकता है, यही कारण है कि दस्त में लोगों को केला खाने की सलाह दी जाती है।
साल 2012 के एक अध्ययन के अनुसार हाई फाइबर डाइट, इंफ्लेमेटरी बाउल डिजीज (आईबीडी) वाले रोगियों में सूजन, गैस और पेट की ऐंठन की समस्या को ठीक करने में सहायक हो सकता है। जिन लोगों को पाचन संबंधी दिक्कते रहती हैं उन्हें भी रोजाना केले खाने की सलाह दी जाती है।
------------
स्रोत और संदर्भ:
Evidence-Based Health Benefits of Bananas
अस्वीकरण नोट: यह लेख तमाम मेडिकल वेबसाइट्स से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। संबंधित विषय के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए अपने चिकित्सक से सलाह लें। किसी भी बीमारी में केले के सेवन से पहले एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।