Home Remedies For Back Pain in Winter: कड़ाके की ठंड की शुरुआत होते ही बहुत से लोगों को कमर, गर्दन और कंधों में तेज दर्द और जकड़न की शिकायत होने लगती है। चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, जब तापमान गिरता है, तो हमारा शरीर गर्मी बचाने के लिए रक्त वाहिकाओं को संकुचित कर देता है, जिससे मांसपेशियों तक रक्त का संचार कम हो जाता है।
Back Pain: ठंड लगने से बढ़ गया है कमर और कंधों का दर्द? जान लें इससे बचाव के उपाय
Lower Back Pain Causes: उत्तर भारत में भीषण ठंड का मौसम चल रहा है। ऐसे में अक्सर कुछ लोगों को ठंड लग जाती है, जिसकी वजह से कमर दर्द और कंधे में दर्द की समस्या होती है। आइए इस लेख में इसी के बचाव के बारे में विस्तार से जानते हैं।
गर्म तेल की मालिश
ठंड से होने वाले दर्द के लिए गर्म तेल की मालिश सबसे प्रभावी पारंपरिक उपाय है। सरसों के तेल में लहसुन और अजवाइन पकाकर उसे छान लें। अब हीटर के सामने बैठकर इस गुनगुने तेल से कमर और कंधों की हल्के हाथों से मालिश करें। हीटर की गर्माहट और तेल का पोषण मांसपेशियों के अंदर तक जाकर रक्त संचार को बढ़ाता है और जकड़न को तुरंत दूर करता है।
ये भी पढ़ें- Health Tips: मीठा खाते समय किन बातों का ध्यान रखना है जरूरी? डॉक्टर ने दी सलाह
कपड़ों का सही चुनाव
अक्सर हम केवल भारी जैकेट पहन लेते हैं, लेकिन पीठ और कंधों को ठंड से बचाने के लिए 'लेयरिंग' जरूरी है। कमर को सीधा रखने और गर्माहट देने के लिए थर्मल वियर का उपयोग करें। अगर आप बाइक चलाते हैं, तो कंधों और गर्दन को मफलर से ढंककर रखें। ध्यान रखें शरीर के जोड़ जितने गर्म रहेंगे, दर्द की संभावना उतनी ही कम होगी।
ये भी पढ़ें- Weight Loss Tips: न्यू ईयर पार्टी में अधिक खाने के बाद अगले दिन क्या करें? डॉक्टर ने दिया ये बड़ा सुझाव
स्ट्रेचिंग और हल्का व्यायाम
ठंड में रजाई के अंदर घंटों बैठे रहने से बचें। हर एक घंटे में उठकर स्ट्रेचिंग करें। गर्दन को क्लॉकवाइज और एंटी-क्लॉकवाइज घुमाएं और कंधों को पीछे की ओर स्ट्रेच करें। योग में 'भुजंगासन' और 'मर्कटासन' कमर दर्द के लिए रामबाण माने जाते हैं। ये आसन रीढ़ की हड्डी के लचीलेपन को बढ़ाते हैं और मांसपेशियों को रिलैक्स करते हैं।
दर्द को अंदर से ठीक करने के लिए डाइट में हल्दी, अदरक और मेथी जैसे एंटी-इंफ्लेमेटरी खाद्य पदार्थों को शामिल करें। अक्सर सर्दियों में हम पानी कम पीते हैं, जिससे शरीर में डिहाइड्रेशन होता है और मांसपेशियों में ऐंठन बढ़ती है। इसलिए दिनभर गुनगुना पानी पिएं। अगर दर्द असहनीय हो या पैरों में सुन्नपन महसूस हो, तो तुरंत किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लें।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।