कोरोना वायरस की महामारी ने लोगों के खाने-पीने के तरीकों में बहुत बदलाव ला दिया है। पूरी दुनिया में लोग अपने खाने-पीने की आदतों में सुधार ला रहें और सेहतमंद चीजों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि वो जो कुछ भी खाएं उससे शरीर का इम्यूनिटी सिस्टम मजबूत हो। लॉकडाउन ने जहां रेस्त्रां पर ताले लगवा दिए हैं वहीं लोगों को मांसाहार से भी दूर कर दिया है। इसका ताजा उदाहरण मैक्सिको में फल एवोकाडो की कीमत में इजाफा है। मैक्सिको एवोकाडो का सबसे बड़ा उत्पादक देश है और यहां पर इनकी कीमतों में बढ़ोत्तरी किसानों के लिए भी हैरान कर देने वाली है क्योंकि मार्च के महीने में इसकी कीमत करीब 60 प्रतिशत तक बढ़ गई थी। केवल यहीं नहीं सेहतमंद खाने और इम्यूनिटी सिस्टम को बढ़ाने के लिए लोग विटामिन सी से भरपूर चीजों का सेवन कर रहे हैं जिसके कारण ऑरेंज जूस की मांग भी बढ़ गई है। एवोकाडो की खेती में किसानों की कमी के बावजूद इसकी मांग बनी हुई है। जिसका कारण है एवोकाडो का सेहत से भरपूर होना। तो चलिए जानें इस फल को खाने से सेहत को क्या लाभ होते हैं।
कोरोना वायरस से फैली महामारी में एवोकाडो के दाम क्यों बढ़ गए, जानें इसे खाने के फायदे
एवोकाडो में ओमेगा 3 फैटी एसिड होता है जो शाकाहारी चीजों में बहुत कम मात्रा में मिलता है। जिसकी वजह से मांसाहार से दूर रहने वाले लोग इस फल का सेवन करना ज्यादा पसंद करते हैं। इससे बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिलती है। जिससे दिल को सेहतमंद रहने में मदद मिलती है।
एवोकाडो पूरी दुनिया में बहुत पसंद किया जाने वाला फल है। इसका कारण है इसका स्वाद जो थोड़ा मक्खन जैसा होता है, जिसके कारण इसे बटर फ्रूट भी कहा जाता है। इस फल को सुपरफूड भी कहा जाता है। मिठास कम होने के कारण इसे डायबिटीज के मरीज भी आसानी से खा सकते हैं। इसके साथ ही इसे खाने से पाचन शक्ति दुरुस्त रहती है। फाइबर और पोटैशियम की अच्छी खासी मात्रा पेट की समस्याओं और डायरिया जैसी बीमारी से बचाने में मदद करती है।
एवोकाडो खाने से वजन पर नियंत्रण रहता है। ये शरीर के बीएमआई इंडेक्स को कंट्रोल करता है। इसका कारण है इसमें मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड और फाइबर जो मेटाबॉलिज्म सिस्टम को सही रखता है। जिसके कारण इसका नियमित सेवन वजन को कम करने में मदद करता है।
एवोकाडो खाने से कैंसर जैसी घातक बीमारियों से भी बचा जा सकता है। इसमें मौजूद एवोकैटिन बी नामक पदार्थ कैंसर कारक कोशिकाओं से लड़ने में मदद करता है। वहीं इस फल का सेवन मुंह के की बीमारियों को भी दूर भगाता है। मसूड़ों में होने वाली सूजन को कम करने के लिए एवोकाडो काफी फायदेमंद होता है।