संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए शारीरिक-मानसिक दोनों ही तरह की सेहत का ख्याल रखना बहुत आवश्यक है। अल्जाइमर जैसी मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं, पहले उम्र बढ़ने के साथ होने वाली बीमारियों के तौर पर देखी जाती थीं, हालांकि जीवनशैली और आहार में गड़बड़ी जैसे कई कारकों के चलते 40 की आयु के लोगों में इस समस्या का निदान किया जा रहा है। अल्जाइमर को डेमेंशिया रोग का सबसे आम रूप माना जाता है। यह विकारों का एक समूह है जिसमें लोगों की संज्ञानात्मक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें याददाश्त और निर्णय लेने में कठिनाई जैसी दिक्कतों का अनुभव होने लगता है।
सावधान: इन कारणों से होती है अल्जाइमर की समस्या, ऐसी चीजों का सेवन बीमारी को बना सकता है गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अल्जाइमर रोग के बारे में जानिए
अध्ययनों से पता चलता है कि जिन लोगों को अल्जाइमर की फैमिली हिस्ट्री रही है ऐसे लोगों में इस बीमारी का जोखिम अधिक हो सकता है। अल्जाइमर रोग में उलझन, याददाश्त की समस्या, सोचने में कठिनाई, साधारण दैनिक कार्यों को करने में कठिनाई, घबराहट और यहां तक कि परिचित लोगों और चीजों को पहचानने में कठिनाई जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बीमारी के जोखिम को कम करने के लिए बचाव के उपाय करते रहना जरूरी है।
ऐसी चीजें बढ़ा सकती हैं बीमारी का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने में आहार की विशेष भूमिका होती है, वहीं यदि आपमें इन रोगों का आनुवांशिक जोखिम है तो इस बारे में विशेष सावधानी बरतनी और भी आवश्यक हो जाती है। शोध से पता चलता है कि प्रोसेस्ड और प्रिजर्व्ड खाद्य पदार्थों का सेवन आपके जोखिमों और रोग की गंभीरता को बढ़ा सकता है। अल्जाइमर के खतरे से बचे रहने के लिए चीज, ब्रेड और प्रोसेस्ड मीट के साथ जैम, जेली और फ्रोजन जैसे प्रिजर्व्ड खाद्य पदार्थों से परहेज किया जाना चाहिए।
अल्जाइमर से बचाव के लिए कैसा रखें आहार?
प्रोसीडिंग्स ऑफ न्यूट्रिशन सोसाइटी की एक समीक्षा में बताया गया है कि विटामिन-बी और फोलेट वाली चीजों का सेवन उम्र बढ़ने के साथ होने वाली मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है। फोलेट वाले आहार समग्र तंत्रिका तंत्र को मजबूत और स्वस्थ रखकर मस्तिष्क के कार्यों को आसान बनाने में मदद कर सकते हैं।
हरी पत्तेदार सब्जियां-साग फायदेमंद
न्यूरोलॉजी जर्नल में प्रकाशित एक अन्य अध्ययन से पता चलता है कि दिन में कम से कम एक हरी पत्तेदार सब्जी का सेवन करने वाले लोगों में संज्ञानात्मक गिरावट और स्मृति हानि का जोखिम कम होता है। पत्तेदार साग फोलेट, विटामिन-ए और सी, फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट का समृद्ध स्रोत माने जाते हैं जो लंबे समय में मस्तिष्क के स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। इनमें फोलेट की मात्रा स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण करने और मस्तिष्क के कार्यों को बेहतर बनाए रखने में सहायक है।