लाइफस्टाइल और खानपान की समस्याओं ने पूरे शरीर की सेहत को गंभीर रूप से नकुसान पहुंचाया है। दिल की बीमारियां हों या डायबिटीज के मामले, लिवर की समस्या हो या किडनी डिजीज, सभी उम्र के लोगों में ये परेशानियां बढ़ती देखी जा रही है। दिनचर्या और डाइट का हमारे पाचन तंत्र पर भी सीधा असर होता है और पाचन में होने वाली दिक्कतें संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानी जाती हैं।
हेल्थ टिप्स: सुबह की छोटी सी आदत से पेट की समस्याओं में मिल सकती है राहत, पीरियड्स की दिक्कतें भी होती हैं दूर
अजवाइन का पानी पारंपरिक घरेलू उपाय है। सुबह खाली पेट इसका सेवन गैस, अपच और पेट की ऐंठन में राहत देने में मदद कर सकता है। इसे वजन घटाने, सर्दी-जुकाम और पीरियड्स के दर्द में भी उपयोगी माना जाता है।
तमाम तरह के स्वास्थ्य लाभ के लिए कई लोग सुबह खाली पेट अजवाइन का पानी पीना पसंद करते हैं। इसे बनाने के लिए रात में एक चम्मच अजवाइन को एक कप पानी में भिगोकर रख दें। सुबह पानी को छानकर पी सकते हैं। आइए जानते हैं अजवाइन का पानी पीने से किन समस्याओं में मदद मिल सकती है।
पाचन संबंधी समस्याओं में राहत
अजवाइन का इस्तेमाल गैस, पेट फूलने और अपच जैसी समस्याओं में पारंपरिक रूप से किया जाता है। इसमें मौजूद थाइमोल पाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने में मदद कर सकता है।
- अजवाइन का पानी पीने से कुछ लोगों को पेट की ऐंठन और गैस से राहत मिल सकती है।
- कब्ज की समस्या में भी इसे घरेलू उपाय के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।
- हालांकि, लगातार कब्ज या पेट दर्द होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
वेट लॉस में भी ये मददगार
- वजन कम करने के लिए अजवाइन के पानी को घरेलू उपायों में शामिल किया जाता है। माना जाता है कि पाचन प्रक्रिया को बेहतर रखने में भी अजवाइन के पानी से लाभ मिल सकता है। अजवाइन में मौजूद कुछ तत्व मेटाबॉलिज्म पर प्रभाव डाल सकते हैं। हालांकि, सिर्फ अजवाइन का पानी पीने से वजन कम नहीं होता है। इसके लिए संतुलित आहार और नियमित व्यायाम जरूरी है।
अजवाइन पानी के इन फायदों को भी जानिए
- अजवाइन में मौजूद तत्वों के कारण इसे सर्दी-जुकाम, खांसी और कफ की समस्या में पारंपरिक रूप से इस्तेमाल किया जाता है।
- अजवाइन की भाप लेने या गर्म अजवाइन का इस्तेमाल करने से नाक बंद होने और सांस लेने में परेशानी से कुछ राहत मिल सकती है।
- मासिक धर्म के दौरान पेट में ऐंठन और दर्द की समस्या आम है। अजवाइन में मौजूद तत्वों में सूजन कम करने और दर्द से राहत देने वाले गुण हो सकते हैं। पारंपरिक तौर पर अजवाइन का पानी पीरियड्स के दर्द में राहत के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
