दिवाली जाते ही दिल्ली में वायु प्रदूषण का खतरा और बढ़ता देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, इस तरह की हवा सेहत के लिए कई तरह की गंभीर समस्याओं को बढ़ाने वाला हो सकता है। हवा में घुला प्रदूषण सिर्फ फेफड़ों को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, इसका असर आपके दिल की सेहत पर भी पड़ सकता है। वायु गुणवत्ता में खराबी के कारण सांस लेने में परेशानी, खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं तो आम हैं, लेकिन अध्ययन में शोधकर्ताओं ने इसके एक और गंभीर खतरे के बारे में अलर्ट किया है।
अलर्ट: जहरीली हवा दिल के लिए खतरनाक, आप भी न हो जाएं एरिथमिया का शिकार? जानिए कैसे करें बचाव
वायु प्रदूषण सिर्फ फेफड़ों ही नहीं, दिल की सेहत को भी प्रभावित कर सकता है। चीन में हुए अध्ययन में प्रदूषण से एरिथमिया का खतरा देखा गया। जानिए इसके लक्षण, जोखिम और हृदय को प्रदूषण से सुरक्षित रखने के उपाय।
वायु प्रदूषण कैसे बढ़ा देता है एरिथमिया का खतरा?
चीन में किए गए अध्ययन में पाया गया कि वायु प्रदूषण के संपर्क में आने के बाद एरिथमिया का खतरा बढ़ सकता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को बढ़ा सकते हैं। इससे हृदय की सामान्य इलेक्ट्रिकल गतिविधि प्रभावित होने की आशंका रहती है, जिसके कारण दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है।
पिछले अध्ययनों में भी पाया गया है कि प्रदूषण के सूक्ष्म कण स्वस्थ वयस्कों के हृदय की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर सकते हैं। इसका मतलब है कि केवल पहले से हृदय रोग से पीड़ित लोग ही नहीं, बल्कि स्वस्थ लोगों को भी प्रदूषण से सावधान रहने की जरूरत है।
अध्ययन में क्या पता चला?
इस शोध में चीन के 322 शहरों के अस्पतालों में भर्ती 1,90,115 मरीजों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया।
- इन सभी मरीजों को दिल की धड़कन से जुड़ी अनियमितताओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
- शोधकर्ताओं ने पाया कि वायु प्रदूषण बढ़ने के बाद एरिथमिया का जोखिम बढ़ सकता है।
- विशेष रूप से नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के संपर्क के कारण इसका जोखिम ज्यादा पाया गया।
- यह गैस मुख्य रूप से कोयला, पेट्रोल, डीजल और अन्य जीवाश्म ईंधन के जलने से निकलती है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
शंघाई की फुडान यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता डॉ. रेन्जी चेन के मुताबिक, प्रदूषण के संपर्क में आने के पहले घंटे से लेकर अगले 24 घंटों तक हृदय गति अनियमित होने का जोखिम बना रह सकता है। जिन लोगों को पहले से हाई ब्लड प्रेशर, कोरोनरी आर्टरी डिजीज, हार्ट फेलियर या हृदय से जुड़ी अन्य बीमारियां हैं, उन्हें प्रदूषण के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी जोखिम अधिक हो सकता है।
एरिथमिया की पहचान क्या है?
एरिथमिया के कारण आपको कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं।
- दिल की धड़कन अचानक तेज या अनियमित होना।
- बेचैनी या घबराहट महसूस होना।
- चक्कर आना या बेहोशी जैसा महसूस होना।
- सांस फूलना और कमजोरी महसूस होना।
- बिना अधिक मेहनत किए थकान होना।
प्रदूषण से दिल को कैसे बचाएं?
वायु प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी होने पर सभी लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
- इस दौरान बाहर की गतिविधियां सीमित रखें। जरूरत पड़ने पर मास्क पहनें।
- घर के अंदर प्रदूषित हवा का प्रवेश कम करने वाले उपाय करें।
- प्रदूषण अधिक होने पर खुले में रनिंग या व्यायाम करने से बचें।
- धूम्रपान न करें और पहले से हृदय रोग है तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेते रहें।
- एरिथमिया गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ाने वाला भी हो सकता है इसलिए समय रहते डॉक्टर से इस बारे में सलाह जरूर ले लें।
--------------
स्रोत:
Air pollution was associated with increased risk of onset of symptomatic arrhythmia
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।