रेलवे ने अपनी सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा शुरू होने की तारीख की घोषणा कर दी है। तकरीबन 90 हजार पदों की यह भर्ती परीक्षा 9 अगस्त 2018 से शुरू होगी। रेलवे की यह ऑनलाइन परीक्षा देश के सभी प्रमुख नगरों में आयोजित की जा रही है। ग्रुप सी और ग्रुप डी के लगभग 90 हजार पदों पर भर्ती होनी है। इनमें लोको पायलट टेक्निशियिन के कुल 26502 पदों पर भर्ती होनी है जिसमें से लोको पायलट के 17673 और टेक्निशियन के 8829 पद शामिल हैं।
अभ्यर्थी 26 जुलाई 2018 से जान सकेंगे कि उनकी ऑनलाइन परीक्षा किस शहर में होनी है। इन भर्तियों के लिए 2 करोड़ 37 लाख आवेदन आए थे। अभी रेलवे की ओर से असिस्टेंट लोको पायलट और टेक्नीशियन के विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा होगी। ग्रुप डी के भर्ती पदों की परीक्षा की तिथि अभी बोर्ड ने जारी नहीं की है। 26 जुलाई से आरआरबी की वेबसाइट के माध्यम से अभ्यर्थी यह जान पाएंगे कि उनकी परीक्षा किस शहर में और कौन सी शिफ्ट में हो रही है।
परीक्षा के ई-कॉल लेटर 5 अगस्त से डाउनलोड किए जा सकेंगे। ई-कॉल लेटर के माध्यम से ही अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र की जानकारी मिलेगी। परीक्षा रविवार या छुट्टी के दिन नहीं होगी। इस बार रेलवे भर्ती परीक्षा के लिए उम्मीदवार 15 भाषाओं में पेपर दे सकेंगे। उम्मीदवार अंग्रेजी के अलावा हिंदी, असमी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, कोंकणी, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगू और उर्दू भाषा में पेपर दे सकेंगे।
रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड ने ऐसा उम्मीदवारों की नौकरी में सहूलियत के लिए किया है। ऑनलाइन परीक्षा 60 मिनट की होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को 20 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। परीक्षार्थियों को कुल 75 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। हर एक प्रश्न के चार उत्तर होंगे, उसमें से एक ही जवाब सही होगा। गलत उत्तर देने पर एक तिहाई अंक काट दिए जाने का प्रावधान रहेगा।