Top News: देश में सीएए लागू; 10 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी, रमजान का पहला रोजा आज
पवित्र रमजान माह का पहला रोजा आज
रमजान का चांद दिख गया है। आज पहला रोजा है। देश के प्रधानमंत्री, उप-राष्ट्रपति और विदेश मंत्री सहित अन्य नेताओं ने देशवासियों को रमजान की बधाई दी है। एक्स पर ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सभी को रमजान की शुभकामनाएं। यह पवित्र महीना सभी के जीवन में खुशी, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए। पढ़ें पूरी खबर
10 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अहमदाबाद में डीएफसी के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर का दौरा करेंगे और 85,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएमओ के मुताबिक प्रधानमंत्री रेलवे कार्यशालाओं, लोको शेड, पिट लाइनों/कोचिंग डिपो की आधारशिला रखेंगे। फलटण- बारामती नई लाइन, इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम उन्नयन कार्य और पूर्वी डीएफसी के न्यू खुर्जा से साहनेवाल (401 मार्ग किमी) खंड और पश्चिमी डीएफसी के न्यू मकरपुरा से न्यू घोलवड खंड (244 मार्ग किमी) के बीच समर्पित माल गलियारे के दो नए खंड व अहमदाबाद में वेस्टर्न डीएफसी का ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पढ़ें पूरी खबर
संसद से पारित होने के बाद सीएए के लिए चार साल का लंबा इंतजार
संसद से पारित होने के चार साल से अधिक समय बाद आखिरकार नागरिकता संशोधन अधिनियम से जुड़े नियम लागू हो गए हैं। केंद्र सरकार ने इस बाबत अधिसूचना भी जारी कर दी। सीएए के जरिए पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदायों से संबंधित अल्पसंख्यकों को भारतीय नागरिकता लेने में आसानी होगी। पढ़ें पूरी खबर
असम के 30 संगठनों ने किया सीएए लागू करने का विरोध, जलाईं प्रतियां
असम में नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 (सीएए), के खिलाफ जमकर विरोध हो रहा है। प्रदेश में केंद्र सरकार की खूब आलोचना हो रही है। अखिल असम छात्र संघ (आसू) और 30 स्वदेशी संगठनों ने सोमवार को गुवाहाटी, बारपेटा, लखीमपुर, नलबाड़ी, डिब्रूगढ़ और तेजपुर सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में विवादास्पद कानून सीएए की प्रतियां जलाई। इसके अलावा असम में 16 दलों के संयुक्त विपक्ष (यूओएफए) ने चरणबद्ध आंदोलन के तहत मंगलवार को राज्यव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। पढ़ें पूरी खबर