श्रीदेवी जिन्हें कि बॉलीवुड में लेडी अमिताभ और पहली महिला सुपरस्टार कहा जाता था, उन्होंने दुबई में 54 साल की उम्र में शनिवार को आखिरी सांस ली। कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनके दिल की धड़कने रुक गईं। आज उनका पार्थिव शरीर मुंबई लाया जाएगा। जहां पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा।
वैसे तो श्रीदेवी ने जूली फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी लेकिन फिल्म सदमा में वह पहली बार लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आई थीं। हालांकि उन्हें हिम्मतवाला ने पहचान दिलाई जिसकी वह हकदार थीं।
हिम्मतवाला के बाद वह एक ऐसी एक्ट्रेस बन गई थीं जिसके इर्द-गिर्द फिल्म की कहानी बुनी जाती थी और उन्हें फिल्म में पुरुष के बराबर का स्क्रीन स्पेस दिया जाने लगा। उन्होंने मधुबाला की तरह तरह लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था।
श्रीदेवी को बेहतरीन अभिनय के साथ ही, डांस और कमाल की कॉमिक टाइमिंग के लिए जाना जाता है। मिस्टर इंडिया का वह सीन सभी को याद होगा जब एक्ट्रेस कॉकरोच को भगाने के लिए शू शू कहती हैं। यह उनकी कॉमिक टाइमिंग का एक उदाहरण था।
जुदाई के बाद श्रीदेवी ने फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया था। मगर 15 सालों के बाद वह गौरी शिंदे की फिल्म इंग्लिश विंग्लिश के जरिए वापस पर्दे पर लौटीं। फिल्म को अपनी दमदार एक्टिंग के दम पर उन्होंने यादगार बना दिया।