दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली स्कॉर्पियो और सचिन वाजे का 100 करोड़ की वसूली का मामला महाराष्ट्र सरकार के गले की फांस बन गया है। इसी मामले को लेकर अब सांसद नवनीत कौर राणा का नाम सुर्खियों में हैं। नवनीत कौर अमरावती से सांसद हैं और उन्होंने शिवसेना सांसद अरविंद सावंत पर धमकी देने का आरोप लगाया है। दरअसल, नवनीत कौर ने लोकसभा में सचिन वाजे का मुद्दा उठाया था। हालांकि अरविंद सावंत ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है। आइए जानते हैं कि शिवसेना पर पहले भी आरोप लगाने वाली नवनीत कौर आखिर कौन हैं...
ग्लैमर से राजनीति तक: कौन हैं सचिन वाजे का मुद्दा उठाने वाली सांसद नवनीत कौर, मिल चुके हैं कई धमकी भरे पत्र
कौन हैं नवनीत कौर राणा?
नवनीत कौर अमरावती सीट से लोकसभा सांसद हैं और उन्होंने साल 2011 में विधायक रवि राणा से शादी की थी। शादी के बाद ही नवनीत कौर ने राजनीति में अपना करियर शुरू किया था, इससे पहले वो पंजाबी और दक्षिण भारत की फिल्मों में काम किया करती थीं। नवनीत ने 12वीं तक ही पढ़ाई की और उसके बाद मॉडलिंग में करियर बनाने के लिए पढ़ाई छोड़ दी। कन्नड़ भाषा में बनी फिल्म 'दर्शन' नवनीत कौर की डेब्यू फिल्म थी।
शादी के बाद राजनीति में आईं
साल 2011 में नवनीत कौर ने विधायक रवि राणा से शादी की और शादी के कुछ समय बाद ही उन्होंने राजनीति में अपना करियर बनाने का फैसला किया। नवनीत कौर शादी के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में एनसीपी के टिकट से चुनाव लड़ीं लेकिन जीत नहीं पाईं। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय लड़कर जीत हासिल की और अमरावती की सीट अपने नाम की। इसके बाद कांग्रेस और एनसीपी ने उन्हें अपना समर्थन दिया। नवनीत कौर की मुलाकात रवि राणा से रामदेव बाबा के आश्रम में हुई थी और दोनों ने सामूहिक विवाह समारोह में शादी की थी।
पांच भाषाएं जानती हैं नवनीत कौर राणा
नवनीत कौर का जन्म तीन जनवरी 1986 को मुंबई में हुआ था। नवनीत कौर राणा पांच भाषाएं जानती हैं। नवनीत कौर मराठी, पंजाबी, तेलुगू, हिंदी और अंग्रेजी भाषा बोल सकती हैं। नवनीत के पिता सेना में जवान थे और मूल रूप से पंजाब के रहने वाले थे।
संजय राउत पर भी लगाया था आरोप
पिछले महीने फरवरी में नवनीत कौर राणा ने एक एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके नॉर्थ एवेन्यू स्थित फ्लैट पर धमकी भरा पत्र मिला। इस लेटर में लिखा हुआ था कि अगर शिवसेना के खिलाफ बोला तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। शिकायत में नवनीत कौर ने शक जाहिर करते हुए कहा था कि यह पत्र शिवसेना के पूर्व सांसद आनंदराव अड्सुल और संजय राउत ने भिजवाया है।