बिहार में इस बार एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। 40 सीटों की लड़ाई में अपना-अपना अस्तित्व बचाने के लिए लगभग सभी क्षेत्रीय दल दोनो में से किसी एक गठबंधन के साथ खड़े हैं। ऐसे में सभी को साथ लेकर चलने के चक्कर में भाजपा, राजद समेत तमाम दलों को पिछली बार से कम सीटों पर चुनाव लड़ना पड़ रहा है, जिसके कारण कई प्रमुख नेताओं के टिकट कट गए। टिकट कटने से बागी हुए उम्मीदवार अब दूसरे तरीके से मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। कई सीटें ऐसी हैं जहां इन बागियों के कारण 'सीधी टक्कर' का पूरा गणित बिगड़ सकता है। आगे पढ़िए कहां-कहां गेम पलट सकते हैं बागी-
लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की वो 10 सीटें जहां बागी पलट सकते हैं पूरा सियासी खेल
बांका
बागी नेता- पुतुल देवी
दक्षिण बिहार की बांका सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी पुतुल देवी भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गई हैं। यहां उनका मुकाबला एनडीए के गिरधारी यादव और राजद के जय प्रकाश यादव से है। पुतुल देवी 2010 में पति दिग्विजय सिंह के निधन के बाद हुए उपचुनाव में पहली बार सांसद बनी थीं, उसके बाद वो भाजपा में शामिल हो गईं। 2014 में केवल 10 हजार वोटों से हार गई थीं।
मधुबनी
बागी नेता- अली अशरफ फातमी और शकील अहमद
मधुबनी से महागठबंधन के वीआईपी पार्टी को टिकट देने के कारण सहयोगी दल कांग्रेस और आरजेडी में ही विरोध हो गया। एक तरफ पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने राजद को छोड़ दिया और दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद ने नाराज हो कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। वहीं वीआईपी ने बद्री पुर्बे को मधुबनी से टिकट दिया है।
मधेपुरा
बागी नेता- पप्पू यादव
मधेपुरा लोकसभा सीट पर लड़ाई सबसे दिलचस्प मानी जा रही है। यहां के वर्तमान सांसद और बड़े बागी नेता पप्पू यादव कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के कारण अपनी जनअधिकार पार्टी के टिकट पर उतरे हैं। राजद ने यहां से दिग्गज नेता शरद यादव को खड़ा किया है तो एनडीए की ओर से जेडीयू के दुलारचंद यादव उम्मीदवार हैं।
सीतामढ़ी
बागी नेता- राम कुमार शर्मा
सीतामढ़ी लोकसभा सीट से महागठबंधन की पार्टी रालोसपा के सांसद राम कुमार शर्मा ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ बागी रुख अपना लिया है। शर्मा ने रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए ऐसा किया और उन्हें हराने के इरादे से काराकाट और उजियारपुर में कुशवाहा की हार का दावा किया है।