शुक्रवार को इधर खबरिया चैनलों के एग्जिट पोल सामने आए, उधर नेताओं के बयानों का सिलसिला शुरू हो गया। कोई एग्जिट पोल से खुश तो कोई नाराज दिखा। शिवराज ने तो कह दिया कि वो एग्जिट पोल-वोल नहीं मानते। उन्होंने कहा- मैं ही सबसे बड़ा सर्वेयर हूं। जीत भाजपा की होगी।
सचिन पायलट
राजस्थान में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की पिछले 25 सालों से चल रही पंरपरा जारी दिखाई दे रही है। एग्जिट पोल के नतीजों की मानें तो कमल मुरझा गया है। एग्जिट पोल के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं और लाखों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद, लंबे संघर्ष में उन्होंने साथ दिया। उन्होंने कहा कि किसी के मन में आशंका नहीं है कि कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
प्रकाश जावेड़कर
भाजपा के लिए पांच राज्यों के ये विधानसभा चुनाव बेहद अहम हैं क्योंकि इसी के आधार पर वह 2019 लोकसभा चुनाव के मैदान में कदम रखेगी। इस बीच केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावेड़कर ने कहा कि अभी अपनी प्रतिक्रिया नही दूंगा क्योंकि नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे उसी दौरान इस पर चर्चा करना सही होगा।
कैलाश विजयवर्गीय
मध्यप्रदेश के एग्जिट पोल की मानें तो अधिकतर एजेंसियों ने भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान जताया है। लेकिन मध्यप्रदेश में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा है कि प्रदेश में बड़े बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। वहीं बेटे की जीत को लेकर कहा कि अगर आकाश 15 हजार से कम वोट से जीता तो समझूंगा जनता हमसे नाराज है।
अजीत जोगी
छत्तीसगढ़ के ज्यादातर एग्जिट पोल में माया-जोगी फैक्टर कोई कमाल दिखाता नजर नहीं आता। लेकिन शायद छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के मुखिया अजीत जोगी इससे इत्तेफाक नहीं रखते। तभी तो उन्होंने कह दिया है कि उन्हें इन एग्जिट पोल्स पर विश्वास नहीं है और 11 दिसंबर को वह किंग के रूप में उभरेंगे। उनका यह बयान कर्नाटक नतीजों से ठीक पहले के एचडी कुमारस्वामी के बयान की याद दिलाता है, जिसमें उन्होंने इसी अंदाज में कहा था कि वह किंगमेकर नहीं किंग बनकर उभरेंगे। हालांकि, छत्तीसगढ़ चुनाव के बाद, विश्लेषक जोगी की हालत कोई बहुत बेहतर नहीं आंकते।