भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है, और इस साल ये पर्व 22 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन के लिए बहन पहले से काफी तैयारी करती है। वे बाजार जाती हैं, अपने लिए नए कपड़े खरीदती हैं और भाई का मुंह मीठा कराने के लिए मिठाई खरीदती है और सबसे जरूरी वो एक अच्छी सी राखी खरीदती है। भले ही बाजार में कई तरह की राखियां मौजूद हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो घर पर ही कुछ चीजों की मदद से अपने भाई के लिए शानदार राखी बना सकती हैं। सबसे खास बात कि इसके लिए आपको किसी भी महंगी चीज की जरूरत नहीं पड़ती है और बेहद कम खर्चे में ही आप घर पर ही राखी तैयार कर सकती हैं। वहीं, जब भाई को पता चलेगा कि आपने उसके लिए राखी अपने हाथों से घर पर ही तैयार की है, तो यकीन मानिए उसका प्यार आपके लिए कई गुना बढ़ जाएगा। तो चलिए जानते हैं कि आप कैसे घर पर राखी बना सकते हैं।
Raksha Bandhan 2021: यहां जानें इस बार घर पर कैसे बनाएं राखी, ये चीजें आएंगी काम
ये चीजें चाहिए राखी के लिए:-
-कई रंग के स्पंज
-रेशम के धागे
-चिपकाने के लिए गोंद
-रंग-बिरंगे छोटे और बड़े मोती
-रंग-बिरंगे कागज।
ऐसे तैयार करें राखी:-
-सबसे पहले आपको सभी रेशम के धागों को आपस में गूंथ लेना है, इससे इसमें कई रंग के धागे हो जाएंगे।
-फिर सुई धागे की मदद से इस रेशम के धागे में छोटे और बड़े दोनों तरह के मोतियों को डाल लें। ध्यान रहे कि पहले एक छोटा और फिर एक बड़ा मोती डालें। ऐसा करने से राखी को अच्छा डिजाइन मिलेगा।
-मोती लगाते समय आपको बीच में थोड़ी जगह छोड़नी है, और इस जगह पर एक स्पंज को चिपका देना है। आप स्पंज को गोंद की मदद से चिपका सकते हैं।
-इस स्पंज के ऊपर आप कुछ मोतियां, गणेश भगवान की छोटी वाली प्रतिमा या कुछ और भी चिपका सकते हैं।
-इसके बाद आखिर में आपको सभी मोतियों को बराबर करके और स्पंज को सही तरीके से लगा लेना है।
-देखिए अब आपकी राखी पूरी तरह तैयार हो चुकी है, और उम्मीद है ये आपके भाई को भी खूब पसंद आएगी।