देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर थोड़ी धीमी होती नजर आ रही है। हालांकि खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है ऐसे में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। पिछले साल के मुकाबले इस साल कोरोना ने ना सिर्फ ज्यादा जिंदगियां छिनी हैं बल्कि लोगों के रोजगार और मानसिक स्वास्थ्य पर भी इसका गहरा असर पड़ा है। हमेशा अपनी ही दुनिया में मस्त रहने वाला मनोरंजन जगत भी इस महामारी के प्रकोप से अछूता नहीं रहा।
आर्थिक संकट में सितारे
आम जनता से लेकर मनोरंजन जगत के सितारों तक कि रोजी रोटी पर भी गहरा प्रभाव पड़ा है। सीनियर कलाकारों को काम के लाले पड़ गए तो कई लोग सीरियल बंद हो जाने के कारण परेशान हो गए। इस दौरान बहुत से सेलेब्स के आर्थिक तंगी का शिकार होने की खबर भी सामने आई। हाल ही में 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम संजय गांधी ने भी महामारी की वजह से हुए नुकसान पर बात कही है।
2 of 5
संजय गांधी
- फोटो : सोशल मीडिया
एक इंटरव्यू में संजय गांधी ने बताया कि इंडस्ट्री में काम की कमी है और उन्हें काम की तलाश करनी पड़ रही है। संजय ने कहा कि, 'बहुत से कलाकार घर पर बैठे हैं और उनके पास कोई काम नहीं है। काम की कमी है और जो रोल ऑफर किए जाते हैं अब उनकी फीस बहुत कम दी जा रही है'।
3 of 5
संजय गांधी
- फोटो : सोशल मीडिया
संजय ने दर्द बयां करते हुए कहा कि, 'इंडस्ट्री का मूड लो है। हर रोज किसी न किसी के कोरोना से मौत की खबर सुनाई देती है। लोग परेशानी में हैं मैं उनकी मदद करना चाहता हूं, लेकिन मैं खुद बेबस हूं। मैं अमीर नहीं हूं और मेरे आर्थिक हालात अच्छे नहीं हैं। जुलाई 2020 में 'नागिन 4' के बाद मैंने किसी प्रोजेक्ट में काम नहीं किया। मैं किराए के घर में रहता हूं और हर महीने का खर्च होता है। अब ना काम है ना पैसा और ना भविष्य का कोई प्लान'।
4 of 5
संजय गांधी
- फोटो : सोशल मीडिया
संजय ने आगे कहा कि कोरोना के कारण वो अपने दोस्तों से भी नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'फिलहाल मैं अभी स्वस्थ्य हूं पर कल क्या होगा इसकी कोई गारंटी नहीं हैं। मुझे अपनी सेहत का ख्याल रखना है और घर चलाने के लिए बाहर जाना होगा, इसमें खतरा है लेकिन क्या कर सकते हैं। बता दें कि संजय सिर्फ टीवी शो ही नहीं बल्कि 'नो स्मोकिंग', 'उड़ान', 'अब के बरस' और 'रेस 2' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
5 of 5
कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बता दें कि देश के कुछ राज्य कोरोना से ज्यादा प्रभावित हैं जिसमें दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात शामिल हैं। महाराष्ट्र में कोरोना केस की बढ़ती लहर देखकर वहां लॉकडाउन लगा दिया गया था जो अभी तक जारी है। इसके साथ ही टीवी और फिल्मों की शूटिंग पर भी रोक लगा दी गई है। इसके चलते मनोरंजन जगत को काफी नुकसान पहुंचा है।