बार्क (ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल) इंडिया की 24वें हफ्ते की टीआरपी रेटिंग आ गई है। जारी की गई इस लिस्ट में स्टार प्लस के एक शो ने चौंकाने वाली एंट्री ली है। जहां पिछले दो हफ्तों से इस लिस्ट में जगह बनाने वाले सीरियल 'बन्नी चाऊ होम डिलिवरी' को इस बार झटका लगा है। वहीं हर बार पहले नंबर पर आने वाला स्टार प्लस का फेमस डेली सोप 'अनुपमा' इस हफ्ते भी पहले नंबर पर ही है। तो चलिए आपको बताते हैं पिछले हफ्ते कौन से रियलिटी शो या सीरियल को दर्शकों ने सबसे ज्यादा पसंद किया है और टीआरपी टॉप-5 लिस्ट में उन्हें क्या जगह मिली?
TRP Week 24: रियलिटी शो की जबरदस्त एंट्री से टीआरपी लिस्ट में मचा घमासान, 'गुम है किसी के प्यार में' को लगा झटका
अनुपमा
हर बार की तरह इस बार फिर 'अनुपमा' पहले स्थान पर अपना दबदबा बनाए हुए है। इस हफ्ते भी रूपाली गांगुली अपने अभिनय से दर्शकों को बांधे हुए हैं। कई हफ्तों से लगातार नंबर वन की कुर्सी पर बने हुए शो 'अनुपमा' को इन दिनों अपने जबरदस्त ट्रैक के चलते दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। शो में नए किरदारों और अनुपमा के नए परिवार की एंट्री को देख भी दर्शक काफी उत्साहित हैं। ऐसे में शो में लगातार आ रहे ट्विस्ट एंड टर्न ने इसे एक बार इस लिस्ट में फिर पहला स्थान दिलाया है। इस मशहूर सीरियल को इस हफ्ते 3.0 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।
रविवार विद स्टार परिवार
'स्टार प्लस' ने हाल ही में एक नया शो शुरू किया है, जिसका नाम 'रविवार विद स्टार परिवार' है। अपने शुरुआती हफ्ते में ही इस शो को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया है। बाकी सीरियल्स की मौजूदगी के बावजूद इस रियलिटी शो ने टीआरपी चार्ट में धमाकेदार एंट्री की है। इस शो में स्टार प्लस के मशहूर सीरियल के परिवार एक साथ आकर गेम्स खेलते हैं। 'रविवर विद स्टार परिवार' ने 2.3 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है।
ये हैं चाहतें
सरगुन कौर लुथरा और अबरार काजी की शानदार अदाकारी से सजा यह शो दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। शो में दिखाई जा रही कहानी दर्शकों का दिल बहला रही है। ऐसे में इस बार यह शो टीआरपी लिस्ट में तीसरा स्थान बनाए रखने में कामयाब रहा है। इसे इस बार 2.1 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।
ये रिश्ता क्या कहलाता है
स्टार प्लस के पॉपुलर सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की रेटिंग में इस बार भारी नुकसान देखने को मिला है। जहां शो पिछले हफ्ते दूसरे स्थान पर रहा था, वहीं इस बार शो दो पायदान नीचे खिसक गया है। 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' इस हफ्ते 2.1 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन के साथ चौथे स्थान पर है। सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में एक के बाद एक ट्विस्ट और टर्न्स आ रहे हैं। लेकिन लग रहा है दर्शकों को यह कुछ खास पसंद नहीं आए।