'बुद्धू बक्सा'(Television weekly) कॉलम में हम आपको टीवी की दुनिया की छोटी बड़ी हर खबर बताएंगे जिसने हफ्तेभर सुर्खियां बटोरी। हम आपको टीआरपी से लेकर सीरियल के अंदर तक, इसके साथ ही स्टार्स की निजी जिंदगी के बारे में भी चर्चा में रही खबरों का अपडेट देंगे। तो चलिए आपको बताते हैं कि इस हफ्ते कौन सी 5 खबरों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी।
अर्चना का छलका दर्द तो एक्ट्रेस के साथ घरेलू हिंसा, ये हैं टीवी की 5 खबरें
'नागिन 3' (Naagin 3) इस हफ्ते नंबर एक की पोजीशन पर रहा। इस वक्त सीरियल में हुकुम, नागरानी बेला और अंधक के चारों ओर कहानी घूम रही है। इस बीच सीरियल से जुड़ा नया अपडेट आया है। खबरों की मानें तो एकता कपूर के इस शो में 'ये हैं मोहब्बतें' (Yeh Hai Mohabbatein) की एक्ट्रेस एंट्री ले सकती हैं। कहा जा रहा है कि इस शो में उनका निगेटिव रोल होगा। यह कोई और नहीं बल्कि भल्ला परिवार की बहू आलिया हो सकती हैं। आलिया इस वक्त 'ये हैं मोहब्बतें' सीरियल में आदित्य भल्ला की पत्नी का रोल निभा रही हैं।
कपिल के शो में छलका अर्चना का दर्द
कपिल शर्मा (Kapil Sharma) का शो टीआरपी में लगातार मात खा रहा है। इस बीच नवजोत की जगह शो में नजर आ रहीं अर्चना पूरन सिंह ने शो के दौरान बातों-बातों में बड़ी बात कह दी। अर्चना की बात से इसका इशारा मिला कि सिद्धू की तुलना में अर्चना को शो में कम फीस मिल रही है। शो में अर्चना ने कहा- 'मैं नवजोत सिंह सिद्धू बनना चाहती हूं। मैं वही काम कर रही हूं जो सिद्धू जी करते थे हालांकि मुझे उतनी फीस नहीं मिल रही। सिद्धू बनने पर कम से कम फीस तो ज्यादा मिलेगी।'
51 की उम्र में दोबारा पिता बने सूरज थापर
मशहूर टीवी एक्टर सूरज थापर (Sooraj Thapar) के घर खुशियां आई हैं। सूरज थापर दोबारा पिता बन गए हैं। सूरज के पहले से ही एक बेटा था। गुड़ी पड़वा के दूसरे दिन ही सूरज के घर नन्हा मेहमान आया। सूरज 'ससुराल गेंदा फूल ' (Sasural Genda Phool) सीरियल के अलावा बॉलीवुड फिल्म 'जो जीता वही सिकंदर' में भी नजर आ चुके हैं।
पोस्ट कर गोविंदा की भांजी ने दिया घरेलू हिंसा का इशारा
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा (Govinda) की भांजी सौम्या सेठ (Soumya Seth) ने 8 साल पहले टेलीविजन इंडस्ट्री में 'नव्या' सीरियल से अपने करियर की शुरुआत की थी। टीवी की दुनिया में उनका सफर महज 5 साल का रहा। शादी के बाद उन्होंने सीरियल की दुनिया से किनारा कर लिया। हालांकि वह सोशल मीडिया पर हमेशा एक्टिव रहीं। इस बीच सौम्या ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट लिखा जो इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि सौम्या घरेलू हिंसा का शिकार हो चुकी हैं।