सोनी एंटरटेनमेंट चैनल पर आने वाले डांस रियलिटी शो 'सुपर डांसर 2' का फिनाले शनिवार रात हुआ। जिसमें विजेता के नाम का ऐलान किया गया। शो के कंटेस्टेंट बिशाल शर्मा ने अंतिम राउंड में सभी को पीछे छोड़ बाजी मार ली और खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल में 4 कंटेस्टेंट रितिक दिवाकर, वैष्णवी प्रजापति, आकाश थापा और बिशाल शर्मा पहुंचे लेकिन सभी को पीछे छोड़ते हुए इस शो को बिशाल शर्मा ने अपने नाम कर लिया। बता दें कि बिशाल असम के रहने वाले हैं। उन्हें पुरस्कार के रुप में 15 लाख रुपये और एक ट्रॉफी दी गई। जबकि उनके मेंटॉर को 5 लाख रुपये का चेक दिया गया।
बिशाल का 'सुपर डांसर 2' का सफर काफी दमदार रहा। जब भी स्टेज पर वह उतरे उन्होंने अपने डांस से सभी जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। बिशाल ने पूरे शो के दौरान अपनी मुस्कान और चुलबुली हरकतों से भी पूरे शो के दौरान खूब मनोरंजन किया।
'सुपर डांसर 2' के जज शिल्पा शेट्टी, गीता कपूर और अनुराग बसु थे। फिनाले में वरुण धवन भी पहुंचे थे जो कि अपनी आगामी फिल्म 'अक्टूबर' को प्रमोट करने आए थे। सभी कंटेस्टेंट ने अपनी परफॉर्मेंस से न सिर्फ जजों का बल्कि दर्शकों का भी दिल चुरा लिया। शो को अंतिम रूप देने से पहले होस्ट जय भानुशाली ने कंटेस्टेंट को मंच पर बुलाया और अपने वादे के मुताबिक उन्हें ढेरों गिफ्ट दिए।
'सुपर डांसर 2' के खत्म होने के बाद अब इसकी जगह कपिल शर्मा का शो 'फैमिली नाइट विद कपिल शर्मा' का प्रसारण होगा। शो के दौरान इसका प्रमोशन भी किया गया। यह शो 25 मार्च से सोनी एंटरटेनमेंट चैनल पर दिखाया जाएगा।