टीवी सीरियल 'डायन' की एक्ट्रेस प्रिया बठीजा की पर्सनल लाइफ ठीक नहीं चल रही है । उन्होंने साल 2017 में डीजे कवलजीत सजूला से शादी की थी । अब वो कवलजीत से तलाक लेना चाहती हैं । अचानक इस खबर ने लोगों को चौंका दिया है । ये प्रिया की दूसरी शादी थी ।
प्रिया ने खुद इस बात का खुलासा किया है कि वो तलाक क्यों लेना चाहती हैं । स्पॉटब्वॉय को दिए इंटरव्यू में प्रिया ने बताया, 'ये बहुत दुर्भाग्य की बात है कि मैं आज तलाक के बारे में बात कर रही हूं । एक लड़की जो दूसरी बार इससे गुजर रही है । मुझे अब शादी पर भरोसा नहीं रहा' ।
प्रिया ने बताया, 'मैं अपना करियर बीच में रोककर शादी की वजह से रायपुर में जाकर बस गई । लेकिन जब मैं अपने पति और उनके पैरेंट्स के साथ रायपुर जाकर रहने लगी तो पता चला कि मेरे पति मुंबई में रहना चाहते हैं । मेरी सास भी मुंबई में जाकर रहने के लिए पीछे पड़ी रहीं ।'
'हम मुंबई शिफ्ट हो गए । मैंने अपने पति के करियर को बनाने की हर मुमकिन कोशिश की लेकिन उसने इस रिश्ते को कभी गंभीरता से नहीं लिया । मैं सिर्फ उसके लिए मुंबई आने का एक टिकट थी । मेरे तलाक लेने की सबसे बड़ी वजह घरेलू हिंसा थी ।'
'जब बात हद से ज्यादा आगे बढ़ गई तब मुझे ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शिकायत करनी पड़ी । मुझे बस इस रिश्ते में मेंटल और फिजिकल ट्रामा सहना पड़ा । जिसका सबूत मेरे मेडिकल बिल और पुलिस में दर्ज शिकायत है ।' कवलजीत का इस पर अभी कोई बयान नहीं आया है ।