कौन बनेगा करोड़पति सीजन 10 में 26 अक्टूबर को प्रसारित हुए एपिसोड में छत्तीसगढ़ के रायपुर की रहने वाली नीला बुद्धदेव पहुंची। नीला बुद्धदेव ने बेहतरीन खेल दिखाया हालांकि 15वें सवाल पर वो अटक गईं। उन्होंने कुल 50 लाख रुपये जीतकर खेल से क्विट कर लिया।
शो के दौरान नीला बुद्धदेव अपने पति के साथ पहुंची थीं। अमिताभ बच्चन ने नीला से पूछा कि वो अपने पति से कैसे मिली थीं। जिस पर उन्होंने बताया कि हम पत्र मित्र थे। मुझे रेडियो सुनने का बहुत शौक था। एक दिन स्कूल से जल्दी आकर रेडियो चालू कर दिया। उस दिन प्रोग्राम आ रहा था हफ्ते का श्रोता, जहां पति का पत्र सुनाया गया। उनकी पसंद का गाना सुनकर मैं इम्प्रेस हो गई थी। जिसके बाद मैंने उन्हें पत्र भेजा। ये सिलसिला 9 साल तक चलता रहा था।
नीला ने अमिताभ बच्चन को बताया कि वो जया बच्चन की बहुत बड़ी फैन हैं और दिल से अपना मानती थीं। जब अमिताभ बच्चन को कुली के दौरान चोट लगी तो नीला ने जया बच्चन को इसके लिए चिट्ठी लिखी और लगातार उनके लिए दुआएं करती रहीं।
अमिताभ बच्चन नीला से कहते हैं कि क्या उनको किसी चिट्ठी का जवाब मिला। जिस पर नीला बताती हैं कि नहीं उन्हें किसी का जवाब नहीं मिला। ये बात जाकर आप जया बच्चन को बता दीजिएगा। तब अमिताभ कहते हैं कि आज रात पत्नी से बात करने का अवसर मिल गया। मैं उन्हें जाकर चिढ़ाऊंगा कि आपने इतने पत्र लिखे लेकिन एक का भी उत्तर नहीं दिया।
बता दें कि नीला बुद्धदेव बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम करती हैं। नीला पिछले 35 सालों से बच्चों को पढ़ा रही हैं। बचपन में उनका जीवन बेहद संघर्षों के साथ बीता है। 3 भाईयों की मौत के बाद घर चलाने के लिए उन्हें बचपन से काम करना पड़ा था। शादी के बाद नीला ने अपने माता-पिता को अपने साथ ही रखा। नीला के संघर्ष की कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भी शो में भावुक हो गए।