सब टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'मैडम सर' में एसएचओ हसीना मलिक का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री गुल्की जोशी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई हैं। थोड़ी कमजोरी महसूस करने के बाद ही गुल्की ने अपना कोरोना परीक्षण करवाया और उनकी रिपोर्ट सकारात्मक आई है। शो के निर्माता जय मेहता के मुताबिक रविवार को उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही गुल्की को घर भेज दिया गया।
सब टीवी के शो ‘मैडम सर’ पर कोराना का कहर, ये अभिनेत्री हुईं क्वारंटीन, पूरी यूनिट का हुआ मेडिकल टेस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘अमर उजाला’ को सेट पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक गुल्की की तबीयत शुक्रवार और शनिवार से ही ठीक नहीं लग रही थी लेकिन, शूटिंग चलती रही और गुल्की ने भी एपिसोड के अपने बचे हुए दृश्यों को पूरा किया। अमर उजाला को 'मैडम सर' की शूटिंग पर मौजूद सूत्रों ने बताया कि गुल्की जोशी अपना कोरोना टेस्ट कराने के बाद भी शूटिंग करती रहीं और रविवार को उनकी रिपोर्ट आने के बाद उन्हें क्वारंटीन होने के लिए कहा गया।
सूत्र बताते हैं कि गुल्की ने हल्की हरारत महसूस होने के बाद शूटिंग की और रिपोर्ट मिलने के बाद ही घर जाकर क्वारंटीन हो गईं। महाराष्ट्र सरकार की तरफ से जारी निर्देश में कहा गया कि शूटिंग शुरू होने से पहले सभी कलाकारों और तकनीशियनों का कोरोना टेस्ट जरूरी है। लेकिन, शूटिंग शुरू होने के बाद सेट पर कोरोना वायरस का फैलाव सामने आने के बाद अब जाकर शूटिंग में शामिल लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया है।
सूत्र तो ये भी बताते हैं कि सीरियल 'मैडम सर' के निर्माताओं ने तो व्यवस्था यहां तक कर रखी थी के गुल्की के आगे के सीन वह उनके बॉडी डबल के साथ करते रहेंगे। इसमें उनका क्लोजअप या फिर चेहरा दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लेकिन, उनकी यह योजना तब विफल हो गई जब यह खबर बाहर लीक हुई। गुल्की के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर के बाद चैनल से भी निर्माताओं पर दबाव डाला गया है। और इसलिए, अब वह पूरी यूनिट का कोरोना वायरस का परीक्षण करवाने के लिए भी बाध्य हुए। गुल्की की कोरोना वायरस के परीक्षण की सकारात्मक रिपोर्ट रविवार को आई है जबकि यूनिट में काम कर रहे बाकी के कर्मचारियों के परीक्षण उसके बाद सोमवार को करवाए गए हैं।
'मैडम सर' शो के निर्माता जय मेहता ने इस बारे में ‘अमर उजाला’ से कहा कि गुल्की जोशी उनके साथ तब शूटिंग नहीं कर रही थीं जब वह कोरोना से संक्रमित पाई गईं। जय ने कहा, 'गुल्की जोशी की कोरोना वायरस की रिपोर्ट रविवार को हमारे हाथ में आई और हमने गुल्की को शूट पर आने की बजाय आधे रास्ते से ही वापस घर लौटने के लिए कह दिया था। और, पिछले तीन दिन से वह हमारे साथ शूटिंग भी नहीं कर रही थीं। इसलिए, हमें शूटिंग रोकने की भी जरूरत नहीं पड़ी। हमने अपने बाकी सभी कलाकारों और कर्मचारियों का भी परीक्षण सोमवार को करवाया है। इसकी रिपोर्ट आने में 36 से 48 घंटे का समय लगेगा।'