लंबे समय बाद कपिल शर्मा ने फिर से टीवी पर वापसी की है लेकिन शो से ज्यादा एक बार फिर से शूट कैंसिल होने की खबरें सुर्खियों में है। यह शूट किसी और का नहीं बल्कि बॉलीवुड की क्वीन रानी मुखर्जी का था जो शो में 'हिचकी' को प्रमोट करने आ रही थीं। शूट न होने की वजह से लोग कपिल शर्मा के बर्ताव पर फिर से सवाल उठा रहे हैं। वहीं अब कपिल के करीबी दोस्त ने शूट कैंसिल होने की असली वजह का खुलासा किया है।
रानी के शूट कैंसिल होते ही कपिल एक बार फिर से लोगों के निशाने पर आ गए हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर न तो कपिल का कोई बयान आया है और न ही मेकर्स का। ऐसे में Zoom ने इस मामले से संबंधित अहम जानकारी बताई है। जिसे जानने के बाद कपिल के फैंस को झटका जरूर लग सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक सुभाष के झा ने कपिल के करीबी दोस्त से बात की। कपिल के दोस्त ने बताया - 'जब कपिल शूट के लिए नहीं आए तो उन्हें कई बार फोन किया पर फोन बंद था। बाद में गिनी को फोन किया और कपिल से बात हुई। जब कपिल से पूछा क्या हुआ तो उन्होंने कहा कुछ भी नहीं, जी नहीं करता है।'
कपिल के दोस्त ने बताया कि चैनल इस बर्ताव से नाराज है। यहां तक कि चैनल ने भी उनकी परेशानी जानने की कोशिश की लेकिन जवाब सिर्फ जी नहीं करता ही मिला। खबरों की मानें तो कपिल ने अपने आध्यात्मिक गुरु से भी बात की लेकिन वह भी उनकी इस परेशानी का हल नहीं निकाल पाए। हालांकि कपिल के दोस्त ने बताया कि को-वर्कर के साथ रिलेशनशिप को लेकर भी कुछ दिक्कते हैं।
कपिल के दोस्त ने कहा - 'वह उसको अपने दिमाग से निकाल नहीं पा रहा है। वह जिंदगी और करियर दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है। हम लोगों ने उससे यह भी कहा कि अपने काम पर फिर से फोकस करो वो तुम्हें डिप्रेशन से बाहर निकाल सकता है।' फिलहाल इस मामले पर अभी तक कपिल शर्मा की ओर से कोई भी बयान नहीं आया है।