छोटे परदे के मशूहर रियलिटी शो बिग बॉस का सीजन 12 धीरे-धीरे अपने रोमांचक मोड़ पर आता जा रहा है। जहां बिग बॉस ने घर में मौजूद सदस्यों के साथ अपना खेल खेलना शुरू कर दिया है तो वहीं घर में मौजूद सदस्य आपस में ही एक दूसरे को धोखा देने में लगे हुए हैं। सीजन 12 के दूसरे हफ्ते की नॉमिनेशन प्रक्रिया ने दर्शकों को काफी हैरान कर दिया। साथ ही इस नॉमिनेशन प्रक्रिया ने बिग बॉस के घर के रोमांच को भी बढ़ा दिया है।
सोमवार को हुई नॉमिनेशन प्रक्रिया पर विस्तार से नजर डालें तो बतौर कैप्टन रहते हुए कृति-रोशमी की जोड़ी को घर में रहकर लापरवाही दिखाने की वजह से बिग बॉस ने सीधे उन्हें नॉमिनेट कर दिया है, जिससे घर के अंदर का पूरा खेल एकदम से बदल गया है। इसके साथ ही कृति उस समय काफी हैरान रह गई जब करणवीर ने उनके खिलाफ वोट कर दिया। इससे पहले करण ने कृति के खिलाफ वोट न करने का उनसे वादा किया था।
वहीं दूसरी और जहां सबा-सोमी दोनों खान बहनें नॉमिनेशन में सुरक्षित रहने में कामयाब रहीं तो वहीं इन दोनों की कृति के साथ तकरार और भी ज्यादा बढ़ गई है। नॉमिनेशन के दौरान दीपिका कक्कड़ और जोड़ियों के बीच भी एक-दूसरे लिए खिलाफत दिखाई दी है। ज्यादातर जोड़ियों ने दीपिका को बॉस की तरह व्यवहार करने पर नॉमिनेट कर दिया है।
सोमवार को नॉमिनेशन के दौरान बिग बॉस के घर के अंदर का माहौल और भी ज्यादा रोचक हो गया। जब अनूप जलोटा और जसलीन मथारू की जोड़ी ने दीपिका कक्कड़ पर आरोप लगाते हुए उन्हें नॉमिनेट किया। कुल मिलाकर इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए करणवीर बोहरा, निर्मल सिंह- रोमिल चौधरी,रोशमी- कृति और दीपिका कक्कड़ नॉमिनेट हो गए हैं।