सलमान खान का शो दस का दम अपने आखिरी पड़ाव पर है। शो के फिनाले एपिसोड में हिस्सा लेने सलमान के करीबी दोस्त शाहरुख और रानी मुखर्जी पहुंचे। इस दौरान तीनों ने सेट पर खूब मस्ती की। शाहरुख ने एक ठेले पर खड़े होकर शो में एंट्री की और बैकग्राउंड में फिल्म 'करन-अर्जुन' फिल्म का गाना 'ये बंधन तो...' बज रहा होता है। बता दें कि फिल्म 'करन-अर्जुन' में सलमान और शाहरुख भाई बने होते हैैं।
सलमान खान इंट्रोडक्शन में शाहरुख खान को बादशाह कह के बुलाते हैं। शाहरुख खान कहते हैं कि 'सलमान भले ही ऐसे तनकर खड़े होते हैं और मुझसे बड़े लगते हैं लेकिन असल जिंदगी में सलमान मुझसे एक-डेढ़ महीने छोटे हैं। मैंने जिंदगी में बहुत धक्के खाए हैं लेकिन इस तरह ठेले पर आकर जिंदगी का सबसे अच्छा धक्का खाया है।'
शाहरुख आगे कहते हैं कि 'मैंने केवल धक्के ही नहीं खाए बल्कि इनके (सलमान) घर का नमक भी खाया है। जब मुंबई में पहली बार आया था तो सलमान के घरवालों ने मेरा बहुत ख्याल रखा। सलमान खान ने एक भाई की तरह हमेशा मदद की। सलीम अंकल (सलमान के पिता) ने एक बार मुझे दुआ दी और सचमुच मैं कहना चाहता हूं कि इनके घर का खाना खाया हूं इसलिए यहां खड़ा हूं।'
सलमान खान ने आगे कहा कि 'आज आप जहां पर हैं अपनी किस्मत की वजह से हैं, जो आपसे कोई छिन नहीं सकता।' शाहरुख ने कहा कि 'बहुत कम ऐसा होता है जब हमें ऐसे साथ में आने का मौका मिलता है। आज जब हम एक ही सेट पर मौजूद हैं तो मैं दिल से बहुत खुश हूं।'
शाहरुख खान बातचीत के दौरान बताते हैं कि उनका छोटा बेटा अबराम किस तरह सलमान खान की तरह है। शाहरुख खान ने बताया कि वह हर छोटी-सी बात पर अक्सर मुझे और गौरी को कहता रहता है कि मैं आपसे प्यार करता हूं, और वह लगभग हर लड़की से अपने प्यार का इजहार करता रहता है।