'एक्शन वुमन' के तौर पर अपनी पहचान बनाने वाली हॉलीवुड एक्ट्रेस जेनिफिर लॉरेंस ने अपनी जिंदगी का एक ऐसा किस्सा साझा किया है जिसके बारे में जानकर आप भी डर जाएंगे। उन्होंने बताया कि कैसे एक बार निजी विमान से यात्रा के दौरान वो भयभीत हो गई थीं और उन्हें लगा था जैसे मौत बिल्कुल सामने खड़ी हो।
उन्होंने बताया कि बात 2017 की है जब वह अपने घर लुइसविले से निजी विमान के माध्यम से न्यू यॉर्क जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें विमान के अंदर एक जोरदार आवाज सुनाई दी। पूछने पर पता चला कि विमान का पहला इंजन खराब हो चुका है। इससे जेनिफर बहुत डर गईं। उन्हें लगा जैसे विमान में बैठे सब लोग मरने वाले हैं। उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था जैसे सीट पर केवल उनका कंकाल बचा हुआ है।
जेनिफर को अपने परिवार की याद आने लगी। वो मन ही मन अपने परिजनों को याद करने लगीं। जेनिफर के साथ विमान में उनके दो भाई और एक डॉक्टर भी थे। उन्हें बताया गया कि अब उन्हें नियागरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ेगी।
जेनिफर बताती हैं कि इसके बाद विमान बिल्कुल शांत हो गया, कोई आवाज आनी बंद हो गई। इसके बाद दूसरा इंजन भी फेल हो गया। यह अपने आप में अत्यंत दुर्लभ मामला था। जेनिफर ने बताया कि मुझे बहुत बुरा लग रहा था। सब लोग मौत के मुंह में जाने वाले थे।
सबसे बुरी बात तो यह थी कि मेरा डॉगी (पिप्पी) मेरी गोद में था। उसे इस हालात में नहीं होना चाहिए था। अभी यह सब चल ही रहा था कि विमान लैंड कर गया और जेनिफर ने देखा कि रनवे पर फायर ट्रक और एंबुलेंस तैयार थे। इसे देखते ही जेनिफर के मन में तरह तरह के ख्याल आने लगे और उन्होंने भगवान से सबकुछ सही रखने के लिए प्रार्थना शुरू कर दी। इसके बाद सबकुछ ठीक रहा और सभी लोग सही सलामत प्लेन से बाहर आ पाए।