स्पेस एक्स के मालिक और अरबपति उद्योगपति एलन मस्क की गर्लफ्रेंड और सिंगर ग्राइम्स अपने एक टैटू को लेकर सुर्खियों में छा गई हैं। एलन मस्क की गर्लफ्रेंड ग्राइम्स का ताजा टैटू अब सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है। कनाडियन गायिका ग्राइम्स ने अपनी पूरी पीठ पर एलियन के जख्मों के निशान दिखाने वाला टैटू बनवाया है। सिर्फ यही नहीं उन्होंने इसकी तस्वीर अपने इंस्टाग्राम हैंडल से साझा की है।
एलन मस्क की गर्लफ्रेंड ग्राइम्स ने पीठ पर बनवाया एलियन टैटू, तस्वीर साझा कर लिखा- मुझे काफी दर्द हुआ है
अपने इंस्टाग्राम हैंडल से टॉपलेस तस्वीर शेयर करते हुए ग्राइम्स ने लिखा, 'मेरे पास अभी इससे बेहतर तस्वीर नहीं है क्योंकि इस टैटू को बनवाने में मुझे काफी दर्द हुआ है और मुझे अब काफी नींद भी आ रही है। ये टैटू कुछ हफ्तों तक लाल रहेगा और फिर ये खूबसूरत एलियन्स के जख्म जैसा दिखने लगेगा।'
ग्राइम्स के इस टैटू की कुछ लोग तारीफ कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसे गंदा बता रहे हैं। बता दें कि ग्राइम्स को एलियन और अन्य ग्रहों में काफी रुचि है और एलन मस्क की तरह ही उनकी गर्लफ्रेंड ग्राइम्स भी मंगल ग्रह पर बसना चाहती हैं। उन्होंने अपने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा था कि वो मंगल ग्रह पर मरने के लिए तैयार हैं।
तो वहीं एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स भी मंगल ग्रह पर मानव सभ्यता को बसाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इस दशक के खत्म होने से पहले एलन मंगल ग्रह पर मानव बस्ती बनाने की कोशिश में कई प्रभावशाली कदम उठाना चाहते हैं।
एक बार ग्राइम्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था कि वे जानती हैं कि मंगल ग्रह पर जीवन काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है लेकिन वे इसके लिए कड़ी मेहनत करना चाहती हैं और मरते दम तक अपने सपने को पूरा करने के लिए प्रयास करती रहेंगी। बता दें कि सिंगर ग्राइम्स और एलन मस्क का एक बेटा X Æ A-Xii है। ग्राइम्स सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और आए दिन पोस्ट साझा करती रहती हैं।