हिंदी सिनेमा में अभिनेता अक्षय कुमार जैसे खिलाड़ी कम ही हुए हैं। उनकी हर नई फिल्म की रिलीज से पहले मुंबई में ऐसे ऐसे खेल होते हैं कि आम दर्शक भी चकरा जाता है। इस बार हाउसफुल 4 की रिलीज के दिन अक्षय की पीआर मशीनरी ने यशराज फिल्म्स के कंधे पर रखकर बंदूक चलाने की कोशिश की लेकिन मामला इस बार उल्टा पड़ गया। अक्षय कुमार के धूम 4 में विलेन बनने की खबर सामने आते ही यशराज फिल्म्स ने न सिर्फ बाकायदा बयान जारी कर अक्षय से जुड़ी इस खबर का पुरजोर तरीके से विरोध किया बल्कि ये भी कहा कि ऐसी किसी फिल्म को लेकर यशराज फिल्म्स की कोई तैयारी नहीं है।
2 of 4
Akshay Kumar
- फोटो : Social Media
शुक्रवार की सुबह सुबह मुंबई के तमाम पत्रकारों को एक खबर का लिंक भेजा गया। इस खबर के मुताबिक यशराज फिल्म्स के मालिक आदित्य चोपड़ा को अक्षय कुमार का रजनीकांत की फिल्म 2.0 में किया गया विलेन का किरदार काफी भाया है और इसी के चलते धूम सीरीज की चौथी फिल्म में उन्हें बतौर विलेन लिया जा रहा है। यही नहीं, कहा ये भी गया कि ये ऑफर यशराज फिल्म्स की तरफ से अक्षय कुमार को पिछले साल भी मिला था और तब उन्होंने धूम 4 में काम करने से मना करके पृथ्वीराज चौहान की बायोपिक में काम करना मंजूर किया।
3 of 4
akshay kumar
- फोटो : social media
मामला चूंकि हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स से जुड़ा है लिहाजा सुबह से ही यशराज फिल्म्स के कार्यालय में पत्रकारों के फोन आने शुरू हो गए। पहले तो यशराज के कार्यालय से सबको व्यक्तिगत रूप से इस बारे में सही जानकारी दी जाती रही लेकिन जब लगा कि ये खबर वायरल होती जा रही है और इससे यशराज फिल्म्स की आगे की योजनाओं पर गलत असर पड़ सकता है तो प्रोडक्शन हाउस ने बाकायदा लिखित बयान जारी कर दिया।
4 of 4
akshay kumar
- फोटो : social media
यशराज फिल्म्स की तरफ से शुक्रवार को जारी इस बयान में संबंधित खबर को गलत और आधारहीन बताया गया है। बयान में कहा गया कि धूम फ्रेंचाइजी यशराज फिल्म्स के लिए बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण फ्रेंचाइजी रही है और धूम 4 की कहानी या इसके विचार को लेकर अब तक कुछ भी तय नहीं है। बयान में मीडिया से अपील की गई है कि प्रोडक्शन हाउस से संबंधित ऐसी खबरों से पहले उनसे जरूर संपर्क किया जाए और उनकी टीम हमेशा इस तरह की खबरों के बारे में सही तथ्य देने के लिए उपलब्ध है।
पढ़ें: VIDEO: डांस करने वाले थे सलमान, लेकिन बज गया शाहरुख खान का गाना और फिर...