'ट्रेजिडी क्वीन' के नाम से मशहूर मीना कुमारी ने फिल्मों में अपनी अदाओं और नजा़कत से लाखों लोगों के दिलों पर राज किया। फिल्मों में उनकी शानदार एक्टिंग को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती थी। मीना कुमारी को लेकर यूं तो कई किस्से मशहूर हैं। उनके बचपन से लेकर फिल्मों के सफर, प्यार से लेकर शादीशुदा जिंदगी और शराब की लत लगने तक मीना कुमारी ने अपनी जिंदगी में काफी कुछ सहा। यही वजह है कि लोग उन्हें 'ट्रेजिडी क्वीन' के नाम से पुकारने लगे। लेकिन उनका एक किस्सा ऐसा भी है जो काफी मशहूर हुआ था। ये किस्सा था जब देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने अभिनेत्री मीना कुमारी से माफी मांगी थी।
2 of 5
मीना कुमारी और लाल बहादुर शास्त्री
- फोटो : Social Media
मीना कुमारी ने 1939 से 1972 तक फिल्मों में काम किया और ये उनका सुनहरा वक्त था। हर जुबान पर मीना कुमारी छाई हुई थीं और सिनेमाघरों में उनकी फिल्में हिट हो रही थी। लेकिन इसके बाद भी देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री मीना कुमारी को पहचान नहीं पाए थे। असल में हुआ ये था कि लाल बहादुर शास्त्री को मुंबई के एक स्टूडियो में फिल्म 'पाकीजा' की शूटिंग देखने के लिए बुलाया गया था। महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री की ओर से इस निमंत्रण में आने का इतना दबाव था कि वो ना नहीं कह पाए और शूटिंग देखने के लिए स्टूडियो पहुंच गए।
कुलदीप नैयर ने अपनी किताब 'ऑन लीडर्स एंड आइकॉन: फ्रॉम जिन्नाह टू मोदी' में इस बात का जिक्र करते हुए लिखा था कि, 'उस वक्त वहां कई बड़े सितारे मौजूद थे। मीना कुमारी ने जैसे ही लाल बहादुर शास्त्री को माला पहनाई। शास्त्री जी ने बड़ी ही विनम्रता से मुझसे पूछा- यह महिला कौन है। मैंने हैरानी जताते हुए उनसे कहा कि मीना कुमारी। शास्त्री ने अपनी अज्ञानता व्यक्त की। फिर भी मैंने उनसे सार्वजनिक तौर पर इसे स्वीकार करने की अपेक्षा कभी नहीं की थी।'
आगे कुलदीप नैयर ने लिखा था कि, 'मैंने कभी नहीं सोचा था कि शास्त्री जी यह बात पब्लिक में पूछेंगे। हालांकि मैं शास्त्री जी के इस भोलेपन और ईमानदारी से बेहद प्रभावित हुआ था। बाद में लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी स्पीच में मीना कुमारी को संबोधित करते हुए कहा था, मीना कुमारी जी, मुझे माफ कीजिएगा। मैंने आपका नाम पहली दफा सुना है।' सार्वजनिक तौर पर देश के प्रधानमंत्री का अभिनेत्री से इस बात के लिए माफी मांगना लोगों को अच्छा लगा था। लेकिन उस वक्त लाखों दिलों पर राज करने वालीं मीना कुमारी के चेहरे पर शर्मिंदगी का भाव आ गया था।
मीना कुमारी ने 7 साल की उम्र से ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। इसके बाद उनकी झोली में एक से बढ़कर एक फिल्में आईं और उन्होंने अपने शानदार अभिनय से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। अभिनेत्री ने अपनी जिंदगी के 33 साल सिनेमा को दिए थे। उन्होंने 'पाकीजा', 'मेरे अपने', 'आरती', 'परिणीता', 'बैजू बावरा', 'दिल अपना और प्रीत पराई', 'साहेब बीवी और गुलाम', 'दिल एक मंदिर' और 'काजल' जैसी तमाम फिल्मों में काम किया।