पति की सलामती और लंबी उम्र मांगने का दिन है करवा चौथ। फिल्मों में करवा चौथ का चलन कोई नया नहीं है। चाहे फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ हो या हम दिल दे चुके सनम... बॉलीवुड की इन फिल्मों में करवा चौथ का जलवा बरकरार रहा। वक्त बदला, तो कहानी में भी बदलाव आया, लेकिन करवा चौथ की महत्ता बरकरार रही।
80 के दशक में आई फिल्म ‘मांग भरो सजना’ जिसमें शायद पहली बार करवा चौथ के व्रत को बड़ी ही विस्तार से दिखाया गया है। इस फिल्म में रेखा और मौसमी चटर्जी जीतेंद्र के लिए व्रत रखती हैं।
फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में करवा चौथ का सीन तो आपको याद ही होगा। काजोल इस व्रत को रखने के दौरान बेहोश होने का नाटक करती है और शाहरूख खान के हाथ से पानी पीती हैं। राज और सिमरन का ये सीन आज भी हिट माना जाता है।
करवा चौथ पर फिल्माया गया 'चांद छुपा बादल में शरमा के मेरी जाना' गाना तो सुना ही होगा आपने... इस गाने में ऐश्वर्या का अपने आंचल से सलमान का चेहरा देखने का सीन आज भी याद किया जाता है। हालांकि इस व्रत को फिल्म में दो बार फिल्माया गया है पहली बार तब जब ऐश्वर्या सलमान से प्यार करती है और दूसरी बार तब जब वो अजय देवगन की पत्नी बन चुकी होती है।
फिल्म कभी खुशी कभी गम में जिस अंदाज में करवा चौथ को फिल्माया गया वो काबिले तारीफ था। बोले चूड़िया गाने में अमिताभ-जया, शाहरुख-काजोल और ऋतिक-करीना की जोड़ी को दिखाया गया था। जहां काजोल शादी के बाद अपने पति यानि शाहरुख के लिए व्रत रखती हैं तो वहीं करीना, ऋतिक के लिए शादी से पहले।