यशराज फिल्म्स की अगली फिल्म ‘टाइगर 3’ के सितारे सलमान खान और कटरीना कैफ टर्की पहुंच गए हैं। फिल्म की रूस में चल रही शूटिंग के बाद फिल्म की पूरी क्रू टर्की पहुंची है और वहां के लोग शूटिंग स्थल पर लगातार सलमान से मिल रहे हैं। सलमान के टर्की में लाखों फैंस है। इस बीच सलमान और कटरीना ने टर्की सरकार के पर्यटन और संस्कृति मंत्री मेहमत नूरी एरसॉय से भी मुलाकात की। टर्की सरकार की आवभगत से दोनों सितारे काफी खुश दिखे। इस मुलाकात के बाद वहां के पर्यटन और संस्कृति मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दुनिया भर से शूटिंग के लिए टर्की पहुंचने वालों के लिए अपने दरवाजे हमेशा खुले रखेगी।
2 of 5
टर्की के पर्यटन और संस्कृति मंत्री मेहमत नूरी एरसॉय से मुलाकात करते सलमान और कैटरीना
- फोटो : सोशल मीडिया
यशऱाज फिल्म्स ने अपनी स्थापना के 50 साल पूरे होने पर जिन मेगा फिल्म प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू किया है, उनमें ‘टाइगर 3’ फिल्म काफी अहम मानी जा रही है। इस फिल्म से निर्माता आदित्य चोपड़ा हिंदी सिनेमा की पहली जासूसी दुनिया भी बसाने जा रहे हैं। इसके तहत यशराज फिल्म्स अपनी जासूसी फिल्मों के सितारों को एक साथ परदे पर पेश करने की योजना भी बनाता रहा है। टाइगर फ्रेंचाइजी की इस फिल्म में शाहरुख खान और ऋतिक रोशन के भी दिखने की चर्चाएं चलती रही हैं।
3 of 5
टर्की के सरकारी अफसरों से मुलाकात करते सलमान और कैटरीना
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘टाइगर 3’ की मुंबई में साल के शुरू से ही शूटिंग चलती रही है। इसके बाद फिल्म का एक लंबा शेड्यूल रूस में चला और अब फिल्म की शूटिंग टर्की में हो रही है। टर्की के पर्यटन और संस्कृति मंत्री मेहमत नूरी एरसॉय से मिलने पहुंचे सलमान खान ने उनसे हाथ मिलाने की बजाय मुट्ठी बांधकर अभिवादन किया। सलमान खान की इससे पहले रूस से आई एक तस्वीर में वह लंबे बालों और दाढ़ी के साथ दिखे थे लेकिन टर्की की तस्वीरों में उनके बाल काफी छोटे हैं और वह काफी चुस्त दुरुस्त भी नजर आ रहे हैं।
4 of 5
टर्की के पर्यटन और संस्कृति मंत्री मेहमत नूरी एरसॉय से मुलाकात करते सलमान और कैटरीना
- फोटो : सोशल मीडिया
पर्यटन और संस्कृति मंत्री मेहमत नूरी एरसॉय से सलमान खान के साथ फिल्म की हीरोइन कटरीना कैफ भी इन तस्वीरों में नजर आ रही हैं। टॉप और पैंट में कटरीना भी काफी आकर्षक दिख रही हैं। वहीं इन तस्वीरों में टर्की सरकार के अफसरों को भी इन सितारों की काफी आवभगत करते देखा जा सकता है। इस मौके पर पर्यटन और संस्कृति मंत्री मेहमत नूरी एरसॉय ने कहा, ‘हमारे देश में अपने नए प्रोजेक्ट के लिए पहुंचे सलमान खान और कैटरीना कैफ से हमारी मुलाकात हुई। टर्की अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की शूटिंग करने वालों का अपने यहां आगे भी स्वागत करता रहेगा।’
5 of 5
टाइगर 3 में सलमान खान
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
फिल्म ‘टाइगर 3’ का निर्देशन मनीष शर्मा कर रहे हैं। इसके पहले की इस फ्रेंचाइजी की दो फिल्म कबीर खान और अली अब्बास जफर निर्देशित कर चुके हैं। बॉक्स ऑफिस पर ये दोनों फिल्में सुपरहिट रही थीं। मनीष शर्मा को हिंदी सिनेमा के दर्शक उनकी फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ के लिए जानते हैं। इसके अलावा वह ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’, ‘शुद्ध देसी रोमांस’ और ‘फैन’ जैसी फिल्में भी निर्देशित कर चुके हैं।