बॉलीवुड की 'चांदनी' यानी कि श्रीदेवी ने हमेशा हमेशा के लिए इस दुनिया से अलविदा कह दिया है। श्रीदेवी के निधन को भले ही 7 दिन बीच चुके हैं लेकिन हर कोई आज भी उन्हें नम आंखों से विदाई दे रहा है। वहीं ऐसी खबरें आ रही हैं कि हैदराबाद में इस एक्ट्रेस के लिए शोक सभा रखी गई है।
जानकारी के मुताबिक प्रोड्यूसर और राजनीतिज्ञ टी सुब्बारामी रेड्डी ने रविवार को श्रीदेवी के लिए शोक सभा रखी है। यह प्रार्थना सभा हैदराबाद के पार्क हयात होटल में रविवार शाम को होगी।
सुब्बारामी के प्रोड्क्शन तले बनी दो फिल्मों में श्रीदेवी ने काम किया था। इन फिल्मों में 'चांदनी' और 'लम्हें' शामिल हैं। इस प्रार्थना सभा में साउथ इंडस्ट्री से जुड़े कई फिल्ममेकर और एक्टर्स के आने की उम्मीद जताई जा रही हैं। इसमें चिरंजीवी, मोहन बाबू, नागार्जुन, जया प्रदा, के राघवेन्द्र राव, राम गोपाल वर्मा,सुरेश बाबू अल्लू अरविंद के नाम शामिल हैं।
श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी को दुबई में हुआ था और अंतिम संस्कार 28 फरवरी को मुंबई में किया गया। श्रीदेवी के पति बोनी कपूर आज उनकी अस्थियों को रामेश्वरम में विसर्जित करेंगे।