रिया चक्रवर्ती ने सोमवार को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका सिंह और राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर तरुण कुमार सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया हैं। उन्होंने बांद्रा पुलिस स्टेशन में इस बात की एफआईआर की थी कि प्रियंका सिंह ने डॉक्टर तरुण कुमार से सुशांत सिंह राजपूत का फर्जी प्रिस्क्रिप्शन बनवाया था। रिया की इस एफआईआर पर सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सुशांत की बहन के खिलाफ FIR दर्ज करवाने पर भड़कीं श्वेता सिंह, रिया चक्रवर्ती के लिए बोली ये बात
श्वेता सिंह कीर्ति सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। वह इसके जरिए अपने भाई के लिए लगातार इंसाफ की मांग कर रही हैं। बहन प्रियंका सिंह के खिलाफ रिया चक्रवर्ती की एफआईआर को श्वेता सिंह कीर्ति ने फर्जी बताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से रिया की इस एफआईआर का करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि एक फर्जी एफआईआर उन्हें तोड़ नहीं सकती।
श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने ट्वीट में लिखा, 'झूठी और फर्जी एफआईआर हमें तोड़ नहीं सकती।' उनका यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि बांद्रा पुलिस स्टेशन में प्रियंका सिंह और राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर तरुण कुमार सहित अन्य लोगों के खिलाफ आईपीसी और एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। रिया ने यह शिकायत सुशांत सिंह राजपूत के फर्जी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन बनाने पर दर्ज करवाई है।
रिया चक्रवर्ती ने अपनी शिकायत को एनडीपीएस एक्ट और टेली मेडिसिन प्रैक्टिस गाइडलाइंस 2020 का उल्लघंन करने पर दर्ज करवाई थी। इस बात की जानकारी सोमवार को खुद रिया के वकील सतीश मानेशिंदे ने दी। मानेशिंदे ने कहा कि आठ जून को सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका सिंह ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर तरुण कुमार के द्वारा दिवंगत अभिनेता का फर्जी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन बनवाया था। सतीश मानेशिंदे के मुताबिक डॉक्टर तरुण कुमार की प्रिस्क्रिप्शन में उन दवाओं का जिक्र था, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत आती हैं और इस पर पाबंदी है।
वहीं रिया चक्रवर्ती की शिकायत के बाद मामले दर्ज होने पर सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के वकील विकास सिंह ने अपने बयान में कहा कि इस शिकायत से यह साफ है कि मुंबई पुलिस को किसी भी तरह से इस मामले से जोड़े रखने की कोशिश की जा रही है ताकि वह केस को अपनी तरह से हैंडल करें और यह सुनिश्चित कर सकें कि सुशांत के परिवार को न्याय न मिले। उन्होंने कहा कि अगर मुंबई पुलिस शिकायत दर्ज करती है तो हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, क्योंकि यह अवमानना का मामला है। मुंबई पुलिस को शिकायत लेने का कोई हक नहीं है। विकास सिंह ने कहा कि इतने दिनों बाद मुंबई पुलिस का प्रियंका सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करना गलत है। यह मामले को अलग मोड़ देने की कोशिश की जा रही है। बांद्रा पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का हक नहीं है। अगर पुलिस ऐसा करती है तो ये सीधा सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन होगा।
पढ़ें: बेहद खूबसूरत थी भूपेन हजारिका और कल्पना लाजमी की प्रेम कहानी, अभिनेत्री ने इस किताब में किया था जिक्र