सनी देओल ने हाल ही में भाजपा ज्वॉयन की थी। अब उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है । पीएम मोदी ने सनी देओल के साथ तस्वीरें शेयर की। उन्होंने टि्वटर पर लिखा, 'सनी देओल के बारे में जिस बात ने मुझे प्रभावित किया वो है उनकी विनम्रता और एक बेहतर भारत को लेकर उनका पैशन ।'
पीएम मोदी आगे कहते हैं, 'उनसे मिलकर बेहद खुशी हुई । हम सब गुरदासपुर से उनकी जीत की उम्मीद कर रहे हैं ।' इसके अलावा पीएम मोदी ने सनी देओल की फिल्म 'गदर' का फेमस डायलॉग भी ट्वीट किया ।
उन्होंने लिखा, 'हम दोनों ही मानते हैं कि हिंदुस्तान जिंदाबाद था, है और रहेगा ।' बता दें कि सनी देओल अमृतसर में आज यानी 28 अप्रैल को रुकेंगे और कल सुबह गुरदासपुर से नामांकन भरेंगे । पार्टी ने उनको गुरदासपुर से चुनाव में उतारा है जहां से कांग्रेस के सुनील जाखड़ सांसद हैं और दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं ।
सुनील जाखड़ से पहले 4 बार बीजेपी के विनोद खन्ना सांसद रहे हैं । विनोद खन्ना की मृत्यु के बाद उपचुनाव में बीजेपी वहां से चुनाव हार गई थी और सुनील जाखड़ चुनाव जीत गए थे ।
बीजेपी ज्वॉयन करने के दौरान सनी देओल ने कहा था, 'जिस तरह मेरे पिता अटल जी से जुड़े थे उसी तरीके से मैं मोदीजी का साथ देने आया हूं । मैं बीजेपी परिवार के लिए जो भी हो सकेगा वो करने की कोशिश करूंगा । मैं बातें नहीं करूंगा बल्कि अपने काम से अपनी क्षमताओं को साबित करूंगा ।'