कंगना रनौत की फिल्म 'मणिकर्णिका' रिलीज से कुछ महीने पहले ही विवादों में घिर गई है । फिल्म में सेकेंड लीड निभाने वाले सोनू सूद ने फिल्म को बीच में ही छोड़ दिया है । हालांकि फिल्म की शूटिंग खत्म हो गई थी और पोस्ट प्रोडक्शन काम शुरू कर दिया गया था । फिल्म में कुछ पैच वर्क बाकी था । इसके लिए सोनू को कुछ सीन दोबारा शूट करने के लिए कहे गए थे ।
सोनू फिल्म में मराठा वॉरियर सदाशिव राव भाऊ का किरदार निभा रहे थे। उनके फिल्म छोड़ने की खबर से बॉलीवुड में खलबली मच गई । सोनू का कहना था कि उन्होंने कंगना की मनमानियों की वजह से ये फिल्म छोड़ी । इसके बाद कंगना का बयान भी आया ।
कंगना ने कहा कि सोनू किसी महिला डायरेक्टर के अंडर में काम नहीं करना चाहते थे इसलिए उन्होंने फिल्म छोड़ दी । टीम को मुझपर पूरा भरोसा था लेकिन लगता है सोनू को न भरोसा था और न डेट्स। यहां तक कि उन्होंने मुझे अपनी बात रखने का मौका भी नहीं दिया। सोनू और मैं पिछले साल के बाद से नहीं मिले ।
कंगना के बयान के बाद अब सोनू सूद ने भी क्वीन पर निशाना साधा है । उन्होंने कहा, 'महिला निर्देशक के अंडर में काम करने की बात ही नहीं है । मैंने फिल्म इसलिए छोड़ी क्योंकि मैं सहज नहीं था । अगर मैं लिंग पक्षपाती होता तो हैप्पी न्यू ईयर में फराह खान के साथ काम क्यों करता । मैं बस इतना ही कहना चाहता हूं ।'
बता दें कि कंगना ने कहा था, 'मैं और सोनू पिछले एक साल से मिले ही नहीं है। वो अपनी नई फिल्म 'सिम्बा' में व्यस्त हैं। उन्होंने हमें शूटिंग के लिए जो डेट्स बताई थीं, उन पर भी वो सेट पर नहीं आए। प्रोड्यूसर्स ने उन्हें फिल्म दिखाई और लेखकों ने उन्हें पैचवर्क के लिए कहानी सुनाई । लेकिन उन्होंने मुझसे मिलने से इंकार कर दिया।'