कोरोना महामारी के कारण हो रही मुश्किलों के बीच एक्टर सोनू सूद मसीहा की तरह उभरे हैं। वो आज भी लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं और अब सोनू सूद ने लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए एक और जरिया बना दिया है। दरअसल, कोरोना महामारी के हर दिन मामले बढ़ते जा रहे हैं और ऐसे में ऑक्सीजन और आईसीयू बेड्स की कमी हो रही है। इसके लिए सोनू सूद ने एक टेलिग्राम ऐप पर एक ग्रुप बनाया है, जिसके माध्यम से वो देशभर में जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचा सकेंगे।
तकनीक: टेलीग्राम से कोरोना मरीजों की मदद करेंगे सोनू सूद, बोले- हाथ से हाथ मिलाएंगे, देश बचाएंगे
सोनू सूद ने टेलिग्राम पर शनिवार को ये ग्रुप बनाया है और इसके बारे में ट्वीट करते हुए जानकारी दी है। अभिनेता ने देशवासियों से सोनू सूद कोविड फोर्स ज्वाइन करने की अपील करते हुए लिखा, 'अब पूरा देश साथ आएगा। जुड़िए मेरे साथ टेलिग्राम चैनल पर 'इंडिया फाइट्स विद कोविड' पर हाथ से हाथ मिलाएंगे। देश को बचाएंगे।'
अब पूरा देश साथ आएगा।
जुड़िए मेरे साथ Telegram चैनल पे
“India Fights With Covid “ पर
हाथ से हाथ मिलाएँगे .. देश को बचाएँगेhttps://t.co/Qa5nxskuqk pic.twitter.com/UPzNuufYjA
सोनू सूद हर पल किसी ना किसी की मदद कर रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने नागपुर की एक कोरोना संक्रमित लड़की के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई थी। इस लड़की के फेफड़े वायरस से 85 से 90 फीसदी तक प्रभावित हो गए थे। एक्टर ने इस लड़की को नागपुर से एयरलिफ्ट कराकर हैदराबाद पहुंचाया और उसके बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती करा दिया।
तो वहीं इसके पहले शुक्रवार को सोनू सूद ने जानकारी दी थी कि वे कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। सोशल मीडिया हैंडल से अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए सोनू ने बताया था कि उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने कैप्शन में लिखा था, 'कोरोना वायरस के लिए टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है।'
बता दें कि सोनू सूद ने 17 अप्रैल को अपने कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर फैंस के साथ शेयर की थी। खास बात ये है कि एक्टर ने वायरस से संक्रमित होने के करीब दस दिन पहले ही वैक्सीन लगवाई थी और इसके बाद वो इसकी चपेट में आ गए। कोरोना संक्रमित होने के बाद भी सोनू सूद लगातार लोगों की मदद कर रहे थे।