साउथ के सुपरस्टार कमल हासन की बेटी श्रुति हासन ने सिर्फ चार साल की उम्र में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इस वक्त उनकी उम्र 35 साल है और वह तेलुगु और तमिल फिल्मों के अलावा हिंदी फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं। ये ही वजह है कि उन्हें दक्षिण भारत और उत्तर भारत दोनों जगह काफी पसंद किया जाता है। इंस्टाग्राम पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। अपने अभिनय के साथ ही श्रुति पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चाओं में रहती हैं। वह अपने फैंस से अपनी कोई बात नहीं छिपाती हैं। अक्सर फैंस के साथ खुद से जुड़ी चीजें शेयर करती रहती हैं। श्रुति अपने ब्वॉयफ्रेंड शांतनु हजारिका के साथ भी अपनी तस्वीरें शेयर करती हैं।
किस्सा: बचपन में नाम बदलकर स्कूल जाती थीं कमल हासन की बेटी श्रुति हासन, जानिए वजह?
बॉलीवुड में 'लक' फिल्म से डेब्यू करने वाली श्रुति को हिंदी सिनेमा में हालांकि कुछ खास सफलता नहीं मिल। लेकिन इसके बाद भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। उनका सिंगिंग करियर भी अच्छा रहा।श्रुति हासन बचपन में नाम बदलकर स्कूल जाती थीं। इसके पीछे की वजह भी बड़ी दिलचस्प है। दरअसल, वह नहीं चाहती थीं कि उनके दोस्तों को इस बात का पता चले कि वो एक सुपरस्टार की बेटी हैं। स्कूल में उन्होंने अपना नाम पूजा रामचंद्रन रखा था।
श्रुति ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट कई फिल्मों में गीत गाए और 4 साल की उम्र में अपने पिता कमल हासन द्वारा निर्देशित फिल्म 'हे राम' में छोटा सा रोल भी किया। 2011 में आई तेलुगू फिल्म 'अनागनागा ओ धीरूडू' और तमिल फिल्म '7ओम अरिवु' के लिए श्रुति को फिल्मफेयर अवार्ड फॉर बेस्ट फीमेल डेब्यू साउथ से नवाजा गया।
श्रुति बेहतरीन गायिका भी हैं। वह फिल्मफेयर अवार्ड फॉर बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर के लिए नामांकित भी हो चुकी हैं। उन्होंने संगीत निर्देशक के रूप में भी काम किया है। श्रुति ने साल 2009 में 'द एक्सट्रामेंटल्स' नाम से अपना म्यूजिक बैंड बनाया है।
भले ही श्रुति हासन के पिता कमल हासन बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के सुपरस्टार हो, लेकिन श्रुति का अपना संघर्ष रहा है। उन्होंने एक बार बताया था कि फिल्मों में आने से पहले वह मुंबई के एक रेस्तरां में गाना गाया करती थीं। श्रुति हासन ने कहा, ‘मैं जुहू के एक रेस्तरां में गाना गाती थी। वहां पर कोई नहीं जानता था कि मैं कौन हूं’। उन्होंने आगे कहा, ‘मैं उस दौरान सेलिन डियॉन और ब्रायन एडम्स के गाने गाया करती थी। मगर किसी को भी इस बात अंदाजा नहीं था कि मैं कौन हूं और किसकी बेटी हूं’।