ईस्टर संडे ईसाई समुदाय का बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। इस बार 4 अप्रैल को ईस्टर संडे था। दरअसल, गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु को कई तरह की यातनाएं देते हुए सूली पर चढ़ा दिया गया था। फिर इसके दो दिन बाद रविवार (ईस्टर संडे) को प्रभु यीशु पुन: जीवित हो गए थे। प्रभु के दोबारा जीवित होने की खुशी में ईसाई समुदाय के लोग इस दिन को त्यौहार के रूप में मनाते हैं। इस मौके पर भारत में भी लोगों ने इसे बड़े हर्षोल्लास के साथ सेलिब्रेट किया। वहीं बॉलीवुड से लेकर टीवी सेलेब्स ने इसकी बधाइयां दीं। कुछ सेलेब्स ने तो सोशल मीडिया के जरिए गिफ्ट और मिठाइयों की तस्वीरें व वीडियोज भी साझा किए।
हाल ही में दुनिया भर में ईस्टर का त्यौहार मनाया गया। बॉलीवुड के सितारों ने भी ईस्टर की खुशियां मनाईं और अपने सभी प्रशंसकों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। इसी बीच मलाइका और अर्जुन भी ईस्टर की पार्टी में जाते हुए एक साथ स्पॉट किए गए थे। दोनों ईस्टर 2021 की खुशी में मलाइका के घर रखी गई लंच पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। उनके घर ईस्टर, क्रिसमस आदि की पार्टी हर साल होती है और ऐसे में वह माता-पिता के घर जाती हैं। इस मौके पर मलाइका बेहद खूबसूरत आउटफिट में पार्टी के लिए पहुंची थीं। उन्होंने पीले रंग की फ्लोरल मैक्सी पहनी थी। स्पेगेटी स्ट्रिप्स और फ्रिल्स वाली इस ड्रेस की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। वहीं अर्जुन ने ब्राउन टी-शर्ट और ब्लैक ट्राउजर पहना था। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए लोगों को शुभकामना दी।
इसके अलावा मलाइका अरोड़ा ने करीना कपूर खान को भी याद रखा। ईस्टर के मौके पर मलाइका ने अपने ब्वॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर के साथ वक्त बिताया, लेकिन वह करीना कपूर को नहीं भूलीं। मलाइका ने करीना के लिए एक खास तोहफा भेजवाया। करीना ने इंस्टा स्टोरी शेयर कर मलाइका अरोड़ा को शुक्रिया कहा और गुडीज के एक बॉक्स की तस्वीर साझा की। बता दें कि करीना कपूर और मलाइका अरोड़ा बेस्ट फ्रेंड हैं। दोनों हर खास मौके पर साथ वक्त बिताती हैं।
बॉलीवुड में कोई त्यौहार या फंक्शन का माहौल हो तो भला अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कैसे पीछे रह सकती हैं। इस मौके पर उन्हें पसंदीदा मीठा खाने को भी मिल जाता है और वे अपने मीठे की क्रेविंग का खूब आनंद लेती हैं। ईस्टर पर भी ऐसा ही हुआ। शिल्पा शेट्टी ने अपनी बहन शमिता और बेटे के साथ इंस्टाग्राम पर वीडियोज शेयर किए। साथ ही कई सारी फोटोज भी साझा कीं। गुडीज देखकर शिल्पा कितनी उत्साहित हैं, ये वीडियो में साफ देखा जा सकता है। इस क्लिप के जरिए शिल्पा ने सभी को ईस्टर की बधाई दी।
रणबीर कपूर की मां और बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू सिंह ने भी ईस्टर के मौके पर फैंस को इसकी बधाई व शुभकामनाएं भेजीं। अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर उन्होंने ‘हैप्पी ईस्टर’ कहकर फोटो डाली। बता दें कि नीतू सिंह ने इससे पहले इंस्टाग्राम पर अपनी सूट वाली कुछ तस्वीरें डाली दीं, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया था।