अपनी पहली फिल्म 'मोहब्बतें' के लिए बेस्ट डेब्यू का अवॉर्ड जीतने वाली एक्ट्रेस
शमिता शेट्टी नौ सालों से सिल्वर स्क्रीन से दूर थीं और अब वो जल्द वापसी करने जा रही हैं, जिसके लिए वो जबरदस्त तैयारी कर रही हैं। हालांकि उनकी ये वापसी
बड़े परदे के लिए नहीं बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगी।
दरअसल शमिता एक वेब सीरीज के जरिए वापसी करने वाली हैं जिसमें उनका जबरदस्त अंदाज देखने को मिलेगा।
ये वेब सीरीज एक कॉमिक थ्रिलर होगी। शमिता शेट्टी अपने कमबैक को लेकर काफी एक्साइटेड हैं और अपनी खुशी उन्होंने ट्विटर पर जाहिर की।
बता दें कि जबरदस्त डेब्यू के बाद भी शमिता फिल्मों में अपनी खास पहचान नहीं बना पाईं और पहली फिल्म के बाद वो सिर्फ कुछ आइटम नंबरों और फिल्मों तक सिमट कर रह गईं। उनकी पिछली फिल्म 2008 में आई थी जो एक तमिल फिल्म थी।
तब से शमिता शेट्टी बड़े परदे से दूर हैं। हालांकि इस बीच उन्होंने कुछ रिएलिटी शोज में पार्ट लिया और पब्लिक इवेंट्स में भी खूब नजर आईं, लेकिन बॉलीवुड से उन्हें कुछ खास ऑफर नहीं मिला।
फिल्मों के लिए शमिता शेट्टी की जद्दोजहद अभी भी जारी है। फिल्मों से दूर रहते हुए शमिता ने इंटीरियर डिजाइनिंग का काम शुरु किया और अभी तक वो उसे ही संभाल रहीं थीं। लेकिन अब वो अपनी जबरदस्त वापसी के लिए तैयार हैं।