फिल्म 'धूम 4' के लिए आखिरकार विलेन की खोज पूरी हो गई है। सलमान खान के फिल्म से आउट होने के बाद प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा ने बड़ा स्टार कास्ट ढूंढ लिया है। शाहरुख खान को सुपर स्टार का दर्जा दिलाने में उनके शुरुआती करियर की दो फिल्मों डर और बाजीगर का सबसे बड़ा रोल रहा है। दोनों फिल्मों में शाहरुख विलेन के रोल में थे और अब जबकि शाहरुख अपने करियर के सबसे नाजुक दौर से गुजर रहे हैं तो उन्होंने फिर से बड़े परदे पर विलेन बनने का फैसला किया है।
शाहरुख खान को कोई ब्लॉकबस्टर फिल्म दिए पांच साल हो चुके हैं। रोहिट शेट्टी की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस के बाद से शाहरुख की कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तहलका नहीं मचा पाई है। इस बीच न सिर्फ सलमान खान और आमिर खान की फिल्में खूब चलीं बल्कि इन दोनों ने ब्रांडिंग के हिसाब से भी शाहरुख के मुकाबले कहीं ज्यादा बढ़त हासिल कर ली है। हैपी न्यू ईयर में फराह खान, दिलवाले में रोहित शेट्टी, फैन में मनीष शर्मा, डियर जिंदगी में गौरी शिंदे और रईस में राहुल ढोलकिया जैसे निर्देशकों पर दांव लगाकर पछता रहे शाहरुख इस बीच अपने दो पुराने साथियों से लगातार मिलते रहे हैं। ये हैं प्रोड्यूसर-डायरेक्टर आदित्य चोपड़ा और बिग बजट फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली।
भंसाली ने भले अभी शाहरुख को लेकर किसी फिल्म की प्लानिंग शुरू न की हो लेकिन आदित्य चोपड़ा ने शाहरुख खान को धूम 4 दे दी है। धूम 4 में पहले विलेन का रोल सलमान खान करने वाले थे लेकिन रेस 3 को लेकर मचे बवाल के बाद आदित्य चोपड़ा ने सलमान से दूर ही रहने का फैसला किया है। सलमान धूम 4 के मुनाफे में हिस्सेदारी चाहते थे और आदित्य ने शाहरुख को इसके बिना ही इस फिल्म में काम करने के लिए तैयार कर लिया है। शाहरुख ने धूम 4 के शूट के लिए अपनी डायरी में तारीखें भी तय कर दी हैं। फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक धूम 4 की शूटिंग शाहरुख की अगली फिल्म जीरों का काम खत्म होते ही शुरू कर दी जाएगी।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में यूं तो फिल्मों के सीक्वल अक्सर बनते हैं। मगर ये सीक्वल सीरीज में तब्दील नहीं हो पाते हैं। या फिर कहें कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में फिलहाल सीरीज बनाने का चलन पूरी तरह से आया नहीं है। जो सीरीज बनी हैं, उनके नाम भी सबको उंगलियों पर याद हैं जैसे कृष, रेस और धूम। हिंदी फिल्म सीरीज की गिनती बहुत कम है, इसलिए इनके हर पार्ट का लोगों को बेसब्री से इंतेजार रहता है। वजह है लोगों की इनके नए पार्ट के लिए उत्सुकता और अच्छा बिजनेस। इन सभी फिल्म सीरीज में जो सीरीज इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में है वो है धूम और उसका अगला पार्ट धूम 4 जिसे निर्देशक करेंगे विजय कृष्ण आचार्य यानी विक्टर।