हिंदी फिल्मों के बादशाह रह चुके अभिनेता शाहरुख खान अपनी किसी नई फिल्म की घोषणा नहीं कर रहे हैं। लेकिन, दूसरों की फिल्मों में उनका कैमियो करने का सिलसिला अब भी जारी है। शाहरुख की एक कैमियो किरदार निभाने की ताजा जानकारी मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले अभिनेता आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' से मिली है। इस फिल्म में शाहरुख ने एक कैमियो किया है लेकिन यहां और भी बड़ी बात यह है कि शाहरुख खान के इस किरदार के लिए निर्देशक आमिर खान बने।
2 of 5
शाहरुख खान, आमिर खान
- फोटो : instagram/iamsrk
शाहरुख अपने परिवार के साथ कुछ ही समय पहले दुबई से लौटे हैं। वहां वह अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स का इंडियन प्रीमियर लीग में उत्साहवर्धन कर रहे थे। अब उनकी टीम आईपीएल से बाहर हो गई है तो वह दुबई से अपने घर वापस लौट आए हैं। सूत्र बताते हैं कि दुबई रवाना होने से पहले ही शाहरुख ने फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' में अपने कैमियो किरदार की शूटिंग पूरी की थी। और, फिल्म में शाहरुख के जितने भी दृश्य हैं, सभी को फिल्म के मुख्य अभिनेता आमिर खान ने खुद फिल्माया था।
3 of 5
लाल सिंह चड्ढा- आमिर खान
- फोटो : instagram/aamirkhan
वैसे तो आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' का निर्देशन अद्वैत चंदन कर रहे हैं। लेकिन, जब फिल्म में शाहरुख को फिल्माने की बारी आई तो निर्देशक की टोपी खुद आमिर ने पहनी और शाहरुख के सभी दृश्य फिल्माए। फिर शूटिंग खत्म होने के बाद दोनों ने साथ में कुछ समय भी बिताया। उस समय इस फिल्म की शूटिंग दिल्ली में ही चल रही थी। उनके साथ अभिनेत्री करीना कपूर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते हुए नजर आने वाली हैं। अपने गर्भवती होने की वजह से करीना ने अपने हिस्से की शूटिंग पहले ही खत्म कर दी है।
शाहरुख ने वर्ष 2018 में आई अपनी फिल्म 'जीरो' के बाद से अपनी किसी भी फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, उसके बाद से वह दूसरी फिल्मों में कैमियो जरूर करते रहे हैं। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और अमिताभ बच्चन की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में शाहरुख एक वैज्ञानिक के रूप में कैमियो करते हुए नजर आएंगे। वहीं, आर माधवन के निर्माण और निर्देशन में बनने वाली फिल्म 'रॉकेट्री- द नाम्बी इफेक्ट' में भी शाहरुख का एक कैमियो रहेगा।
5 of 5
शाहरुख खान
- फोटो : instagram/iamsrk
जानकारी अब तक यही रही है कि शाहरुख खान इस महीने के आखिर तक यशराज फिल्म्स की मेगा बजट फिल्म ‘पठान’ की शूटिंग शुरू कर देंगे। इस फिल्म में उनके साथ जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण के भी काम करने की चर्चाएं हैं। लेकिन, अब तक न तो यशराज फिल्म्स ने और न ही खुद शाहरुख खान ने इसके बारे में कोई आधिकारिक एलान किया है। हां, शाहरुख ने ये जरूर कहा है कि अगले जन्मदिन से पहले वह बड़े पर्दे पर जरूर लौट आएंगे।