वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी ने अपने ताजा इंटरव्यू में अभिनेत्री कंगना रणौत की लगातार चल रही बयानबाजी पर तीखा हमला बोला है। शबाना के मुताबिक कंगना इस बात से भयभीत हैं कि कहीं वह सुर्खियों से बाहर न हो जाएं। शबाना ने कंगना को एक अच्छी अभिनेत्री बताते हुए सलाह दी है कि उन्हें अपने मुख्य कार्य अभिनय पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
2 of 5
शबाना आजमी
- फोटो : अमर उजाला
गौरतलब है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध हालत में मौत को कंगना ने ही सबसे पहले हत्या करार दिया था। फिर इसके लिए उन्होंने वंशवाद को जिम्मेदार बताया। बिहार सरकार के पाले में खड़ी दिखीं कंगना ने पूरे मामले की सीबीआई जांच के दौरान ड्रग्स का एंगल सामने आने पर भी खूब ट्वीट्स किए। वह लगातार कहती रही हैं कि मुंबई में फिल्म माफिया का राज चलता है। मुंबई शहर की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से किए जाने को लेकर उनका शिवसेना के साथ झगड़ा अब भी जारी है।
3 of 5
कंगना रणौत
- फोटो : twitter@KanganaDaily
इस बीच शबाना आजमी ने मंगलवार को एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा कि कंगना ने ये सारे बयान सिर्फ इसलिए दिए हैं ताकि वह लगातार सुर्खियों में बनी रहें। उन्होंने कहा कि कंगना को अपनी सारी ऊर्जा और ध्यान अपने अभिनय पर केंद्रित करना चाहिए। दरअसल, कंगना ने अपने ही मिथकों पर विश्वास करना शुरू कर दिया है।
4 of 5
कंगना रणौत
- फोटो : Twitter @KanganaTeam
शबाना आजमी कहती हैं, ‘कंगना ने फिल्म इंडस्ट्री को नारीवाद सिखाया और उन्होंने ही राष्ट्रीयता सिखाई। मैं बड़ी खुश हूं कि उन्होंने यह बात बोली। क्योंकि, इस बात पर किसी और ने तो कभी ध्यान ही नहीं दिया। मुझे लगता है कि वह इस चीज से डरती हैं कि कहीं कल को वह सुर्खियों से बाहर न हो जाएं। इसलिए वह लगातार ऐसे बयान देती रहती हैं। उन्हें वह करना चाहिए जिसमें वह सबसे अच्छी हैं यानी कि अभिनय।'
5 of 5
कंगना रणौत
- फोटो : Instagram: kanganaranaut
अपने बयानों में कंगना लगातार फिल्म इंडस्ट्री के सभी लोगों को एक जैसा ही बताती रही हैं। इस पर शबाना कहती हैं कि हर जगह पर हर तरह के लोग पाए जाते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि सभी लोगों को एक ही रंग में रंगा हुआ मान लिया जाए। दरअसल, फिल्म इंडस्ट्री पर आरोप लगाकर देश को दूसरे मुद्दों से भटकाया जा रहा है। कुछ दिन पहले ही अभिनेता अक्षय कुमार भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करके लोगों से यह गुजारिश कर चुके हैं कि कृपया पूरी इंडस्ट्री को एक ही नजर से न देखा जाए।