'दंगल गर्ल' के नाम से फिल्म इंडस्ट्री में मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा के पास इन दिनों कई फिल्मों को भरमार है। हाल ही में उनकी फिल्म 'पटाखा' का ट्रेलर रिलीज हुआ है। ट्रेलर दर्शकों को इतना पसंद आया है कि यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके अलावा सान्या एक्टर आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म 'बधाई हो' में भी नजर आने वाली हैं।
इस बीच सान्या मल्होत्रा को एक और फिल्म भी मिल गई है। मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो वह अब डांस आधारित फिल्म में भी नजर आने वाली हैं। अंग्रेजी वेबसाइट डीएनए की खबर के अनुसार कॉरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस सान्या मल्होत्रा को लेकर एक डांसिग फिल्म डायरेक्ट करने वाले हैं। बता दें बॉस्को ने सीज़र के साथ मिलकर बॉलीवुड के करीब 200 गानों को कॉरियोग्राफ किया है।
बताया जा रहा है कि सान्या की इस डांसिंग फिल्म का अभी कोई नाम तय नहीं हुआ है। इस फिल्म की शूटिंग को अगले साल तक शुरू होने की संभावना है, लेकिन इस फिल्म के लिए सान्या ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। खबर है कि वह हर दिन डांस कर रही हैं। साथ ही नए-नए डांस मूव भी सिख रही हैं।
वहीं बात करें सान्या मल्होत्रा की फिल्म 'पटाखा' की तो इसमें उनके अलावा टीवी एक्ट्रेस राधिका मदान और सुनील ग्रोवर जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिका में है। कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म में सभी किरदार बेहद अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। फिल्म में विजय राज सान्या और राधिका के पिता के रोल में दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है। यह फिल्म 28 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।